फीस जमा नहीं कर पाए थे बच्चे, टीचर ने तीनों को कमरे में बंदकर बाहर बैठा दिया कुत्ता; वीडियो वायरल

अलीगढ़ में एक स्कूल ने फीस न चुकाने पर तीन बच्चों को कमरे में बंद कर दिया और पहरेदारी के लिए बाहर कुत्ता बैठा दिया. यह शर्मनाक घटना एमडी जनता पब्लिक स्कूल की है. वीडियो वायरल होने पर परिजनों और लोगों में आक्रोश फैल गया.

फीस नहीं देने पर बच्चों को बनाया बंधक

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां समय से फीस नहीं जमा करने पर तीन बच्चों को टीचर ने ना केवल कमरे में बंद कर दिया, बल्कि कमरे के बाहर पहरेदारी के लिए कुत्ता भी बैठा दिया. मामला अलीगढ़ में टप्पल क्षेत्र के जटारी स्थित एमडी जनता पब्लिक स्कूल का है. जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने खूब हंगामा किया. बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद बच्चों को रिहा किया गया.

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि करीब छह महीने की फीस बकाया होने पर स्कूल प्रबंधन ने नर्सरी और यूकेजी में पढ़ने वाले तीन बच्चों को छुट्टी के बाद स्कूल में रोक लिया. इतना ही नहीं, उन्हें स्कूल की ऊपरी मंजिल पर बने एक कमरे में बंद कर दिया गया. इसके बाद पहरेदारी के लिए कमरे के बाहर गेट पर कुत्ता बैठा दिया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया.

परिजनों ने काटा बवाल

हेतलपुर गांव निवासी भूपेंद्र और बंटी के तीन बच्चे इस स्कूल में पढ़ते हैं. गुरुवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजन उनकी तलाश शुरू की. इसी क्रम में जब स्कूल पहुंचे तो पता चला कि बच्चों को ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में बंद किया गया. परिजन वहां पहुंचे तो तीनों बच्चे डरे-सहमे बैठे मिले. कमरे का गेट बाहर से बंद था और बाहर कुत्ता बैठा हुआ था. यह देखकर परिजन भड़क गए. घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया.

पुलिस की मौजूदगी में समझौता

परिजनों ने इस मामले में जटारी पुलिस चौकी पर तहरीर दी. थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की. बाद में दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हो गया. परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने फीस वसूलने के लिए मासूम बच्चों को कमरे में बंद कर दिया. वहीं, स्कूल के प्रधानाचार्य सौरभ चौधरी का कहना है कि फीस जमा कराने के लिए अभिभावकों को कई बार फोन और मैसेज किए गए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. हालांकि, बच्चों को कमरे में बंद करने के मामले पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके.

Follow Us