आंख फोड़ी, सिर कुचला… पिता की हत्याकर खुद थाने पहुंचा हैवान बेटा, दिल दहला देगी कहानी
अलीगढ़ में संपत्ति विवाद को लेकर एक बेटे ने अपनी पत्नी संग मिलकर पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पिता उदय सिंह की आंखें फोड़ने के बाद उनके सिर को ईंट से कुचल दिया. वहीं वारदात के बाद उसने थाने में आत्मसमर्पण किया है. यह दिल दहला देने वाली घटना पैतृक संपत्ति के बंटवारे और वसीयत से जुड़े झगड़ों का परिणाम है.
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. जिले के बरला क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर खुद अपने ही हाथों पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. इसके बाद थाने पहुंचकर उसने सरेंडर भी कर दिया. यह वारदात अलीगढ़ के गांव दिलालपुर में बुधवार की दोपहर का है. पुलिस ने आरोपी युवक को अरेस्ट कर मामले की जांच में जुट गई है. आरोपी की पत्नी अभी फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
पुलिस के मुताबिक दिलालपुर गांव में रहने वाले उदय सिंह बिजली विभाग में एसएसओ के पद से रिटायरमेंट के बाद खेतीबाड़ी करते थे. उन्होंने दो शादी की थी. दोनों पत्नियों से उनके तीन बेटे और सात बेटियां हैं. इनमें से बड़ा बेटा महेंद्र अपने पत्नी बच्चों के साथ मथुरा में रहता है. वहीं मझला महिपाल अपने पत्नी व बच्चों के साथ गाजियाबाद में रहता है. जबकि सबसे छोटा बेटा संजू हाथरस में रहकर ई-रिक्शा चलाता है.
पत्नी संग दी वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक हाल ही में उदय सिंह ने अपने महीपाल और संजू के नाम वसीयत कर दी थी. वहीं 18 बीघा जमीन उन्होंने पट्टे पर दिया था, जिसका पैसा वह खुद रखते थे. इसी पैसे को लेकर संजू आए दिन उनके साथ लड़ाई झगड़े करता था. बुधवार की दोपहर भी इनके बीच झगड़ा हुआ और इसी झगड़े में संजू ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर पिता की पहले आंख फोड़ दी. फिर ईंट से सिर कुचलकर उनकी हत्या कर दी.
थाने पहुंचकर किया सरेंडर
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों पति पत्नी मोपेड पर बैठकर सीधे थाने पहुंचे. जहां से संजू ने पत्नी को तो मोपेड देकर भेज दिया और खुद थाने में जाकर सरेंडर कर दिया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद उसकी पत्नी की तलाश में टीम हाथरस भेजी है. वहीं दूसरी टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर आरोपी के पिता का शव कब्जे में लिया है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.
इस लिए की वारदात
पुलिस के मुताबिक उदय की बेटियां अक्सर उनके पास आती रहती थीं. बीमारी में भी वही देखभाल करती थी. ऐसे में उदय ने कुछ संपत्ति उनके नाम करने की सोची थी. इसी बात पर संजू अक्सर पिता से झगड़ा करता था. 20 दिन पहले भी उसने पिता के साथ मारपीट की थी. यहां तक कि घर में फ्रिज-टीवी आदि भी तोड़ दिया था. इसके बाद उदय ने उसे बेदखल करने की धमकी दे दी थी. इसी गुस्से में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया है.
