मूलधन से ज्यादा चुकाया ब्याज, फिर साहूकार के दबाव में किया सुसाइड; वीडियो में बताई पूरी कहानी

बदायूं में एक युवक ने सूदखोरों के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली. उसने मूलधन से अधिक ब्याज चुका दिया था, फिर भी साहूकार उसे प्रताड़ित कर रहे थे. युवक ने मौत से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी पीड़ा और साहूकारों के नाम बताए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)

उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया है. सुसाइड से पहले युवक ने एक वीडियो भी बना कर सोशल मीडिया में डाल दिया. इसमें युवक ने अपनी मौत की पूरी वजह बताई है. जानकारी होने पर युवक के परिजन उसे तुरंत लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामला बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है.

युवक के सुसाइड से पहले का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में युवक ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि मूल धन से ज्यादा उसने ब्याज चुका दिया है. फिर भी साहूकार उसे तरह तरह से प्रताड़ित कर रहे हैं. स्थिति अब बर्दाश्त के बाहर हो गई है. पुलिस के मुताबिक मृत युवक की पहचान ढाक वाली ज्यारत निवासी 34 वर्षीय सोनू शर्मा पुत्र राजेश शर्मा के रूप में हुई है.

वीडियो में बताया सुसाइड की वजह

पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि सोनू शर्मा पटरी पर फड़ लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. घर में पत्नी के अलावा उसके दो छोटे बच्चे हैं. कुछ दिन पहले उसने अपनी दुकान के लिए ही साहूकार से कर्ज लिया था. इसके बाद उसने मूलधन से अधिक ब्याज भी चुका दिया. बावजूद इसके, साहूकार उसे लगातार परेशान कर रहे थे. अंकिता शर्मा को संबोधित इस वीडियो में सोनू ने अपनी मौत के लिए कौशल गुप्ता, अनिल मौर्य और सौरभ गुप्ता को जिम्मेदार बताया है.

परिवार में मचा कोहराम

युवक के सुसाइड की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो और परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us