मां के मुंह में तौलिया था… फिर ये कैसी मौत? IPS बेटे ने UP पुलिस पर भी उठाए सवाल
IPS आशुतोष मिश्रा अपनी मां की संदिग्ध मौत के बाद न्याय की तलाश में हैं. पुलिस ने चोट के निशान न मिलने की बात कही है. वहीं, मिश्रा का कहना है कि अगर हत्या नहीं हुई तो मुंह में तौलिया क्यों ठूंसा था. अब पुलिस और IPS बेटे के बयानों में विरोधाभास ने मौत की पहेली को और उलझा दिया है.
अंबेडकरनगर में एक बुजुर्ग महिला की मौत का मामला अब रहस्य बनता जा रहा है. महिला के बेटे और IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा ने पुलिस की शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम के बाद सामने आए दावों पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि जिस हालत में उनकी मां का शव मिला, उससे उन्हें सामान्य मौत की बात समझ नहीं आ रही.
IPS आशुतोष मिश्रा ने दावा किया कि मां के मुंह से खून निकला था और मुंह में तौलिया ठूंसा गया था. वहीं पुलिस का कहना है कि शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं और पोस्टमार्टम से हत्या की पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बुजुर्ग महिला की मौत हुई कैसे? दोनों तरफ के बयानों में विरोधाभास से कई सवाल खड़ा हो गए है.
घर के अंदर मिला था महिला का शव
मामला मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धवारुआ गांव का है. 16 अगस्त को IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां का शव घर के अंदर मिला था. मां की मौत की सूचना मिलने के बाद आशुतोष मिश्रा घर पहुंचे. मौके के हालात देखकर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर हत्या और लूट की आशंका जताई. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी कराया.
पोस्टमार्टम के बाद अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह की ओर से कहा गया कि शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं. साथ ही हत्या के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी. पुलिस ने बताया कि मौत की वजह स्पष्ट करने के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है और हार्ट को भी जांच के लिए भेजा गया है. वहीं, अब IPS बेटे ने पुलिस की जांच पर भी सवाल किए हैं.
मुंह में तौलिया था… फिर ये कैसी मौत?
वहीं, IPS आशुतोष मिश्रा ने कहा कि उनके मां के मुख से खून निकला था, मुंह में तौलिया ठूसी गई थी. यही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि उनकी माता गले में जो चेन, तुलसी की माला, कंगन और कान में गहना पहने वे भी गायब थे. IPS बटे ने मीडिया के सामने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किस आधार पर यह कहा जा रहा है कि उनकी मां की हत्या नहीं हुई?
उन्होंने सवाल किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसा कहां लिखा है कि हत्या नहीं हुई है. अगर हत्या नहीं हुई तो मुंह में तौलिया क्यों ठूंंसा हुआ था. उन्होंने कहा कि जब एक आईपीएस अधिकारी के साथ ऐसा हो रहा है तब गरीब के साथ क्या होगा. साथ ही कुछ गलत खबर पर नाराजगी जाताई, जिसमें मां के गायब गहने की बरामदगी की बात कही जा रही है.
‘किसी निर्दोष को मत सताइए… मेरी मां दुखी होगी’
पोस्टमार्टम के बाद ऐसी खबरें चलने लगी कि आशुतोष मिश्रा के मां की हत्या की कहानी झूठी है और गहना भी बरामद हो गया. IPS आशुतोष मिश्रा ने सामने आकर इसका खंडन किया. उन्होंने कहा कि किसने कहा गहना बरामद हुआ. मुझे तो कोई गहना नहीं मिला. उन्होंने पूछा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ये कहां लिखा गया है कि हत्या नहीं हुई है.
आशुतोष मिश्रा का बयान वायरल होने के कुछ समय बाद पुलिस मीडिया सेल ने कहा गया कि मुकदमा में दर्ज कोई भी ज्वेलरी पुलिस को नहीं मिली है. IPS अधिकारी ने इस पूरे मामले में भावुक अपील भी की. उन्होंने पुलिस से कहा कि किसी निर्दोष को सताइए मत, किसी गलत को जेल मत भेजिए… नहीं तो मेरी मां दुखी होगी.’