अमेठी में मॉब लिंचिंग! युवक को लोहे की सीढ़ी में बांधा, फिर लाठी डंडे से की पिटाई

उत्तर प्रदेश के अमेठी में ड्रोन से चोरी की अफवाह के बाद एक युवक की भीड़ ने बेरहमी से पिटाई की है. ग्रामीणों का कहना है कि युवक की हरकतें संदिग्ध थीं, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर पीटा. पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच कर रही है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक को पीटे जाते हुए दिखाया गया है.

अमेठी में मॉब लिंचिंग का वायरल हो रहा वीडियो

उत्तर प्रदेश के अमेठी में ड्रोन उड़ाकर चोरी की अफवाह के बीच एक मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है. आरोप है कि यहां एक गांव में कुछ लोगों ने एक युवक को राह चलते पकड़ लिया और फिर लाठी डंडे से जमकर पिटाई की. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है. इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को अरेस्ट किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उधर, ग्रामीणों ने बताया कि पीड़ित युवक की हरकतें संदिग्ध नजर आई थीं. लोगों ने उससे पहले पूछताछ की थी. इस दौरान संदेह बढ़ने पर मारपीट को अंजाम दिया गया.

इस पूरी घटना एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इसमें कुछ लोग पीड़ित युवक को लोहे की सीढ़ी में बांधकर पिटाई करते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने इस वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. मामला अमेठी में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव का है. पुलिस के मुताबिक भगीरथपुर के पड़ोसी गांव मऊ अवतारा का रहने वाला एक युवक इस गांव से गुजर रहा था. रास्ते में वह पान की दुकान पर गुटखा लेने के लिए रूका था. इसी दौरान कुछ लोगों ने चोर समझकर दबोच लिया.

भीड़ ने युवक को पीटा

लोगों ने इस युवक से पहले पूछताछ की. इस दौरान युवक के जवाब से लोगों का संदेह और बढ़ गया. इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और हर किसी ने युवक पर लात घूंसे बरसाए. इससे युवक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा. इस वारदात में युवक को अंदरुनी और बाहरी चोटें खूब आई हैं. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस के मुताबिक प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत में काफी सुधार नजर आ रहा है. पुलिस के मुताबिक युवक के बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

पांच आरोपी अरेस्ट

थाना प्रभारी धीरेन्द्र यादव के मुताबिक इस वारदात में चिन्हित किए पांच आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. बाकियों की पहचान कराई जा रही है. उधर, ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ समय से गांव में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं. चोर आसमान में ड्रोन उड़ाते हैं और जब लोग उसे देखने लगते हैं तो चोर वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं. लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने रात-रातभर जागकर पहरेदारी शुरू कर दी है.

Follow Us