पंचायत चुनाव में वोट नहीं डाल पाएंगी स्मृति ईरानी! UP की वोटर लिस्ट में नहीं है नाम, खुलासे पर मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट से स्मृति ईरानी का नाम कट गया है, जिससे अमेठी में हड़कंप मच गया है। सांसद रहते हुए भी, उनका नाम पंचायत सूची में न होना बड़ी गड़बड़ी मानी जा रही है. डीएम ने आवेदन न होने का तर्क दिया, जबकि भाजपा ने आवेदन जमा होने का दावा किया है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं, क्योंकि वे 2024 लोकसभा में वोट कर चुकी थीं.

पूर्व सांसद स्मृति इरानी

उत्तर प्रदेश में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है. इस सूची में उत्तर प्रदेश में अमेठी से सांसद रहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम ही नहीं है. हालांकि उनका नाम विधानसभा और लोकसभा की वोटर लिस्ट में दर्ज है. मामला सामने आते ही डीएम अमेठी संजय चौहान ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.

उन्होंने बताया कि यह बड़ी गड़बड़ी है, इसकी जांच कराई जा रही है. पता किया जा रहा है कि स्मृति ईरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची से था या नहीं, यदि पहले से नाम था तो कैसे कटा. बता दें कि पूर्व सांसद स्मृति ईरानी ने साल 2021 में ही अमेठी के गौरीगंज तहसील क्षेत्र के मेदन मवई गांव में 11 बिस्वा जमीन खरीद कर घर बनाया है. वह अब अमेठी की वासिंदा हो चुकी हैं. 29 जुलाई 2021 को उनके पुत्र जोहर ईरानी ने इस जमीन पर भूमि पूजन कर मकान निर्माण की शुरूआत की और 22 फरवरी 2024 तक काम पूरा होने के बाद उन्होंने गृह प्रवेश भी कर लिया था.

लीला टिकरा बूथ पर दर्ज था नाम

स्थाई पता होने के बाद उन्होंने इसी गांव के लीला टिकरा बूथ की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया था. इसी बूथ पर उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वोट भी किया था. इससे पहले स्मृति इरानी मुंबई उत्तर-पश्चिम संसदीय क्षेत्र की वासिंदा थीं और अब तक वहीं वोटर करती रहीं है. वर्ष 2019 से 2024 तक अमेठी लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहीं स्मृति ईरानी का नाम इस समय विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की वोटर लिस्ट में तो है, लेकिन बीते 10 जून को प्रकाशित पंचायत चुनाव की लिस्ट में उनका नाम नहीं है.

डीएम ने दिया ये तर्क

स्मृति इरानी का नाम कटने पर डीएम संजय चौहान ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि पंचायत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए अलग से आवेदन करना पड़ता है. प्रशासन यह जांच कर रहा है कि स्मृति ईरानी की ओर से संबंधित आवेदन पत्र जमा किया गया था या नहीं. यदि उनकी ओर से आवेदन मिला होगा तो नियमानुसार उनका नाम सूची में दर्ज किया जाएगा. उधर, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने बताया कि उनका नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए पहले आवेदन जमा कर दिया गया था. बावजूद इसके सूची से उनका नाम दर्ज नहीं हुआ है.

Follow Us