अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, शामली में दो बदमाश एनकाउंटर में ढेर; 2 पुलिसकर्मी भी घायल

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. शामली में हुए एनकाउंटर में दो बदमाश मारे गए और दो पुलिसकर्मी घायल हुए. पुलिस के मुताबिक, यह हत्या सुपारी देकर कराई गई थी, क्योंकि अंकित के गानों से कुछ गैंग नाराज थे. पुलिस अब इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

सिंगर अंकित बालियान केस में दो बदमाशों का एनकाउंटर

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. शामली के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी सुमित और मोहित मारे गए. इस एनकाउंटर में दो पुलिसकर्मियों के भी घायल हुए है. यह हत्या सुपारी देकर कराई गई थी, क्योंकि अंकित के गानों से कुछ गैंग नाराज थे.

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे स औद्योगिक इलाके में मुठभेड़ हुई. मारे गए बदमाशों में मोहित (22) सोनीपत के बईयापुर खुर्द का रहने वाला था, उसपर 14 मुकदमे दर्ज थे. जबकि सुमित सोनीपत के कुंडली क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था. दोनों शूटरों का संबंध कुख्यात गोगी गैंग से बताया जा रहा है.

अंकित की हत्या के बाद से चल रही थी तलाश

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी. वारदात से जुड़े CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी. जांच में सामने आया था कि हत्या में कई शूटर शामिल थे और वारदात से पहले उन्होंने इलाके की रेकी भी की थी.

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध शूटर 20 अगस्त को शामली पहुंचे थे और एक होटल में रुके थे. वहां से उन्होंने अंकित की गतिविधियों और आसपास के इलाके की रेकी की. इसके बाद नाला पटरी इलाके को वारदात के लिए चुना गया था. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि पहले अंकित की हत्या हरियाणा में करने की योजना थी.

सुपारी देकर हत्या कराने का भी खुलासा

हत्याकांड की जांच में पुलिस ने सुपारी देकर अंकित बालियान की हत्या कराए जाने का दावा किया है. शामली के एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया ने अंकित की हत्या की सुपारी दी थी.

पुलिस के अनुसार, अंकित द्वारा बनाए गए एक गाने को लेकर गैंग से जुड़े लोगों में नाराजगी थी. आरोप है कि अंकित अपने गानों के जरिए गोगी गैंग और बिल्लू ताजपुरिया गैंग को बदनाम कर रहा था. इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई.

पुलिस का कहना है कि सुपारी देने वाले ने शूटरों के लिए हथियार और पैसों की व्यवस्था की थी. उन्हें यह भी बताया गया था कि अंकित के पास दो लोग मिलेंगे. हालांकि पूरे मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस वारदात से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है.

पहले कनाडा से मिली थी धमकी

जांच में यह भी सामने आया है कि अंकित बालियान को पहले कनाडा से जान से मारने की धमकी मिली थी. बताया गया कि जब अंकित दिल्ली गया था, उस दौरान उसे धमकी दी गई थी कि उसकी हत्या कर दी जाएगी. हालांकि बाद में यह मामला पुराना हो गया था.

फिलहाल पुलिस इस धमकी और हत्या की साजिश के बीच भी कनेक्शन की जांच कर रही है.

CCTV से भी मिले थे अहम सुराग

हत्या के बाद सामने आए CCTV फुटेज में हमलावर अंकित पर फायरिंग करते नजर आए थे. पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने अंकित को घेरकर गोलियां चलाईं और वारदात के बाद हथियार लहराते हुए पैदल फरार हो गए थे. जांच में करीब 12 राउंड फायरिंग और चार शूटरों के शामिल होने की बात सामने आई थी.

अब एनकाउंटर में दो बदमाशों के मारे जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई को हत्याकांड की जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों के अंकित बालियान हत्याकांड से कनेक्शन की पुष्टि करने में जुटी है. साथ ही सुपारी देने वाले राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया समेत अन्य की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

Follow Us