यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने मचाया कहर, डिवाइडर तोड़ कार को रौंदा; पिता-पुत्र समेत 4 की मौत
ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. बेकाबू ट्रक ने डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में घुसकर कार को टक्कर मार दी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए. इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पिता-पुत्र समेत चार उन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. जेवर थाना क्षेत्र में नोएडा से आगरा की ओर जा रहा एक बेकाबू ट्रक अचानक डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गया. इसी दौरान सामने से आ रही कार ट्रक की चपेट में आ गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में चार लोग की मौत हो गई है.
जानकारी के मुताबिक. राजस्थान नंबर का ट्रक नोएडा से आगरा की तरफ जा रहा था. रात करीब 10 बजे अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया. बेकाबू ट्रक डिवाइडर और उसकी रेलिंग को तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे की दूसरी लेन यानी मथुरा-नोएडा लेन में जा पहुंचा. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है.
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अब हादसे की वजह और ट्रक चालक की लापरवाही की जांच कर रही है.
क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि निगम ने बताया कि रात करीब 10 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे की सूचना मिली थी. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ. पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारू कराया.अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य है. फिलहाल पुलिस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है.
