हो रही थी वाहन चेकिंग, तभी हुआ कुछ ऐसा कि… गाड़ी छोड़ दौड़ कर भागे ARTO; वायरल हुआ Video
उत्तर प्रदेश के औरैया में वाहन चेकिंग के दौरान एआरटीओ को जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. वसूली और बार-बार चालान के आरोपों से गुस्साए लोगों ने उन्हें घेर लिया, जिसके बाद हाथापाई की नौबत आ गई. ऐसे हालात में अपनी जान बचाने के लिए एआरटीओ को सरकारी गाड़ी छोड़कर ई-रिक्शा से भागना पड़ा.
उत्तर प्रदेश के औरैया में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां मंडी समिति के गेट पर वाहनों की चेकिंग कर रहे एआरटीओ को लोगों ने घेर लिया. इनके बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते नौबत धक्का मुक्की और मारपीट की आ गई. ऐसे हाल में एआरटीओ सरकारी गाड़ी को छोड़ भीड़ से बचते हुए दौड़कर एक ई-रिक्शा में बैठकर भाग निकले. बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मंडी समिति के गेट पर रोज-रोज चेकिंग के नाम पर वसूली का खेल चल रहा था. पैसा नहीं देने पर चालान की कार्रवाई हो रही थी. इससे लोगों में काफी रोष था. ऐसे में जब रविवार को भी एआरटीओ ने मंडी समिति के गेट पर चेकिंग शुरू की तो वाहन चालकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई. देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और दोनों पक्षों में हाथापायीं होने लगी.
जान बचाकर भागे एआरटीओ
इस विवाद की वजह से मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया. जनता के भारी विरोध और हाथापायीं को देखते हुए एआरटीओ एनसी शर्मा को मौके से भागना पड़ा. वह अपनी जान बचाने के लिए सरकारी गाड़ी छोड़ कर पैदल ही दौड़ पड़े और सामने से जा रहे एक ई-रिक्शा में बैठकर निकल गए. रास्ते में से ही उन्होंने फोन कर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया. हालांकि उस समय एआरटीओ के कर्मचारी भी चले गए थे.
एआरटीओ पर क्यों भड़के लोग?
स्थानीय लोगों के मुताबिक औरैया के मंडी समिति गेट के सामने कई दिनों से एआरटीओ के कर्मचारी चेकिंग के नाम पर उगाही का खेल खेल रहे हैं. चूंकि यह मुख्य मार्ग है, इसलिए लोगों का इधर से ही निकलना होता है. स्थानीय लोगों के मुताबिक नौबत यहां तक आ गई थी कि एक ही गाड़ी का कई बार चालान कर दिया गया था. इससे लोगों में काफी रोष था. इसी बात पर लोगों का गुस्सा भड़का और एआरटीओ के सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापायीं की.
