झांसी लिंक एक्सप्रेसवे को 7968 करोड़, बीडा और डिफेंस कॉरिडोर को मिलेगी तेज कनेक्टिविटी; JPNIC को मंजूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट ने बुंदेलखंड के लिए झांसी लिंक एक्सप्रेसवे को 7968 करोड़ की मंजूरी दी है, जिससे बीडा और डिफेंस कॉरिडोर को तेज कनेक्टिविटी मिलेगी. यह क्षेत्र के औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देगा. साथ ही, लखनऊ के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को भी 35 साल की लीज पर निजी कंपनी को सौंपने का फैसला किया गया है.

लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे Image Credit: प्रतीकात्मक तस्वीर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में बुंदेलखंड के इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. कैबिनेट ने 7,968.30 करोड़ रुपये की लागत से झांसी लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के विकास को मंजूरी प्रदान कर दी है. इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) क्षेत्र, डिफेंस कॉरिडोर और जनपद झांसी के आसपास के महत्वपूर्ण स्थलों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी.

एक्सप्रेसवे के माध्यम से प्रदेश एवं देश के अन्य क्षेत्रों से इन स्थानों तक सुरक्षित और द्रुतगति यातायात आवागमन की सुविधा मिलेगी. परियोजना के निर्माण की अनुमानित लागत 7,968.30 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है. निर्माण कार्य के लिए होने वाला संभावित पूरा व्यय भार राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा. केंद्र सरकार की ओर से इस परियोजना में किसी प्रकार की वित्तीय भागीदारी अपेक्षित अथवा प्रस्तावित नहीं है.

जल्द शुरू होगा निर्माण

परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद यथाशीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की कार्यवाही की जाएगी. सरकार का लक्ष्य परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना है, जिससे क्षेत्र को जल्द बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिल सके. झांसी लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण बीडा और डिफेंस कॉरिडोर के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से औद्योगिक गतिविधियों, निवेश और कारोबार को बढ़ावा मिलने की संभावना है.

जेपीएनआईसी को कैबिनेट की हरी झंडी

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) के संचालन के संबंध तैयार कराये गये प्रस्ताव पर भी कैबिनेट ने मुहर लगा दी है. इसके तहत जेपीएनआईसी को संचालन के लिए निजी कंपनी/कंसोर्टियम को 35 वर्षों की लीज पर दिया जाएगा. इसके लिए ओपन बिड के माध्यम से वृंदावन बॉटलर्स एंड रॉकवुड होटल्स के कंसोर्टियम का चयन किया गया है.

दो साल में पूरे करने होंगे कार्य

जेपीएनआईसी में वर्तमान में इंटीरियर, इलेक्ट्रिकल एवं फायर उपकरण सहित विभिन्न अवशेष कार्यों को पूर्ण कराने में 200 से 250 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है. अनुबंध के अनुसार चयनित कंसोर्टियम को अपने खर्च से 02 वर्ष के अंदर सभी अवशेष कार्य पूर्ण कराकर जेपीएनआईसी का संचालन शुरू करना होगा. इतना ही नहीं, कंसोर्टियम को अनुबंध की शर्तों के तहत 25 करोड़ रुपये की परफॉर्मेंस गारंटी प्राधिकरण में जमा करनी होगी. वहीं, स्वीकृति पत्र प्राप्त होने पर कंसोर्टियम द्वारा प्राधिकरण को 10 करोड़ 11 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा।

Follow Us