5 जोन और 23 सेक्टर… आसमान से भी होगी जुलूश की निगरानी, बारावफात पर UP पुलिस का अलर्ट
उत्तर प्रदेश पुलिस ने बारावफात के मौके पर लखनऊ में निकलने वाले जुलूस के लिए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं. 26 अगस्त को होने वाले इस जुलूस की निगरानी के लिए शहर को 5 जोन और 23 सेक्टर में बांटा गया है. ड्रोन और भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ, यातायात भी डायवर्ट रहेगा.
उत्तर प्रदेश में बारावफात के मौके पर निकलने वाले जुलूश को लेकर पुलिस अलर्ट है. राजधानी लखनऊ में 26 अगस्त को जुलूस-ए-मदहे सहाबा निकलेगी. इसमें करीब 80 से 90 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है. इसे देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं. पश्चिमी जोन को 5 जोन और 23 सेक्टरों में बांटा गया है. जुलूस के पूरे रूट पर भारी पुलिस बल के साथ पीएसी, आरएएफ, एटीएस, क्यूआरटी, ड्रोन और घुड़सवार पुलिस की तैनाती रहेगी.
चांद दिखने के बाद 26 अगस्त को बारावफात के अवसर पर जुलूस-ए-मदहे सहाबा लखनऊ के झंडे वाला पार्क से सुबह 10 बजे शुरू होगा. करीब 6 किलोमीटर लंबा यह जुलूस मौलवीगंज, गंगा प्रसाद रोड, रकाबगंज चौराहा, नादान महल रोड, नखास, बिल्लौचपुरा, बाजारखाला और हैदरगंज तिराहा होते हुए शाम करीब 4 बजे ऐशबाग ईदगाह पहुंचेगा. जुलूस में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है.
57 गजटेड अफसर संभालेंगे कमान
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 57 राजपत्रित अधिकारियों और 2989 अराजपत्रित पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. इनमें 3 डीसीपी, 16 एडीसीपी और 38 एसीपी शामिल हैं. इसके अलावा 11 कंपनियां पीएसी, 2 कंपनियां आरएएफ, एक एटीएस टीम, 6 क्यूआरटी और 4 महिला क्यूआरटी भी तैनात रहेंगी. इस जुलूश की निगरानी के लिए एलआईयू, दो ड्रोन टीमें, 36 क्लस्टर मोबाइल और 10 घुड़सवार पुलिस टीमें भी लगातार सक्रिय रहेंगी.
पुलिस ने किया फ्लैगमार्च
संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस और पीएसी ने सोमवार को रूट मार्च और फ्लैग मार्च किया है. इस दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण योजना का पूर्वाभ्यास भी कराया गया है. जुलूस के प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से रियल टाइम निगरानी की जाएगी. सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी और अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
ट्रैफिक भी डायवर्ट होगा
जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान और डायवर्जन लागू किया जाएगा. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और यातायात नियमों व डायवर्जन का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें.
