10 फरवरी को शादी, 14 को पति के साथ मनाया वैलेंटाइन….फिर शादी के 7वें दिन फुर्र हो गई दुल्हन
औरेया में एक युवती ने पहले शादी की. फिर पति के साथ वैलेंटाइन डे भी मनाया. अब अपनी शादी के 7वें दिन ही लापता हो गई है. उसपर अपने ही गांव के एक युवक के साथ भागने का आरोप लगा है. फिलहाल, पुलिस युवती ओर उसके कथित प्रेमी की तलाश कर रही है.
औरेया में शादी के महज 7वें दिन संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता के लापता होने पर सनसनी मच गई थी. मामले को लेकर पति और युवती के पिता ने पुलिस में अलग-अलग तहरीर भी दी थी. इसी बीच नवविवाहिता के मायके से एक नाबालित युवक के गायब होने की शिकायत सामने आई. इसके बाद से ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शूरू हो गईं हैं.
14 फरवरी को पति के साथ मनाया वैलेंटाइन
युवती का विवाह 10 फरवरी 2026 को हुआ था. 14 फरवरी को उसने पति के साथ वैलेंटाइन डे भी मनाया. पति के मुताबिक 17 फरवरी को पत्नी मायके आई थी. आरोप है कि उसी रात वह शादी में मिले लगभग ढाई सौ ग्राम चांदी के पायल, मंगलसूत्र, सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठियां, बिछिया, नथ, कमरबंद सहित अन्य जेवरात और करीब 20 हजार रुपये नगद लेकर घर से चली गई.
गांव के युवक पर दुल्हन को भगाने का आरोप
पति ने पुलिस को जो तहरीर दी है उसके मुताबिक पत्नी का गांव के ही एक युवक से संपर्क था. इसकी जानकारी पत्नी के परिजनों को भी थी. उसे अंदेशा है कि उस युवक के साथ ही उसकी पत्नी भाग गई है, युवती के पिता ने भी तहरीर में गांव के एक युवक पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है.
गांव से एक नाबालिग भी गायब
उधर गांव की एक महिला ने भी अपने नाबालिग नाती के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है. उनका कहना है कि किशोर मंगलवार शाम बाइक लेकर घर से निकला था. फिर वापस नहीं लौटा. चर्चा है कि विवाहिता की गुमशुदगी की तहरीर में शक के आधार पर उस किशोर का नाम भी शामिल किया गया.
नवविवाहिता और नाबालिग की तलाश जारी
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सभी पक्षों से शिकायत प्राप्त हो चुकी है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. दोनों लापता व्यक्तियों की तलाश के प्रयास जारी हैं. तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है. घटना ने पूरे गांव को हैरान कर दिया है.
