आंबेडकर की मूर्ति लगाने पर सुलगा लखीमपुर, कासगंज में जुलूस निकालने पर बवाल

उत्तर प्रदेश में आंबेडकर जयंती पर लखीमपुर खीरी और कासगंज में हिंसा भड़क उठी. लखीमपुर में आंबेडकर की मूर्ति लगाने पर विवाद हुआ, जिसके बाद अफवाहों ने हिंसा को जन्म दिया. वहीं, कासगंज में जयंती शोभायात्रा पर पथराव से तनाव फैल गया. दोनों जिलों में पुलिस-प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद हालात काबू किए. दोषियों पर कार्रवाई जारी है.

लखीमपुर खीरी में बवाल

नोएडा में मजदूर आंदोलन की आग ठंडी भी नहीं हुई कि अब उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में बवाल हो गया है. आंबेडकर जयंती के अवसर पर भड़के इस बवाल की वजह से पूरे जिले में तनाव की स्थिति बन गई है. यह बवाल मंगलवार की शाम मैलानी थाना क्षेत्र के बांकेगंज गांव में आंबेडकर की मूर्ति तोड़े जाने की खबर पर भड़का था. जबकि उत्तर प्रदेश के ही कासगंज में आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही शोभायात्रा में बवाल हुआ है. सूचना मिलने पर हरकत में आई दोनों ही जिलों की पुलिस ने बड़ी मुश्किल से हालात को काबू किया है.

पहले बात करते हैं लखीमपुर खीरी की. बताया जा रहा कि मैलानी क्षेत्र में गौतम समाज के लोग बाबा साहेब आंबेडकर की मूर्ति लगा रहे थे. जबकि भार्गव समाज के लोग इसका विरोध कर रहे थे. इसी दौरान एक खबर तेजी से फैली की आंबेडकर की मूर्ति में तोड़फोड़ की गई है. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया. लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस की कई गाड़ियों में आग लगा दिया. इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

विवादित जमीन पर लगाई मूर्ति

बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर आंबेडकर की मूर्ति लगाई गई, वह विवादित है. इस जमीन पर गौतम समाज और भार्गव समाज के लोग अपना अपना दावा करते हैं. इसी बीच गौतम समाज के लोगों ने इस जमीन पर आंबेडकर की मूर्ति लगा दी. भार्गव समाज ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. सूचना मिलते ही सीओ मैलानी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. लेकिन इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे पर पथराव करने लगे. इतनी ही पुलिस की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की.

कासगंज में शोभायात्रा पर बवाल

उधर, कासगंज के सहावर थाना क्षेत्र के चहका गुनार गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर शोभायात्रा निकल रही थी. जैसे ही यह शोभायात्रा यादव समाज के इलाके में पहुंची, विवाद हो गया. आरोप है कि कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए पथराव किया. इसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए. दोनों पक्षों की ओर से करीब एक घंटे तक ईंट-पत्थर चलते रहे. स्थिति यहां तक आ गई कि लोगों ने सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर रास्ता बंद कर दिया. इस दौरान पहुंचे एक पुलिसकर्मी भी पत्थर लगने से घायल हो गया.

पहुंचे डीएम एसपी

बवाल की सूचना पर कासगंज प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन फानन में डीएम प्रणय सिंह तथा एसपी ओमप्रकाश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया. इस दौरान एक महिला समेत करीब दस लोगों को हिरासत में भी लिया गया है. अब प्रशासन का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. गांव में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं.

इनपुट: धर्मेंद्र राजपूत, लखीमपुर खीरी

Follow Us