पापा का सपना… कार में आई बारात, हेलीकॉप्टर में दुल्हन की विदाई; देखने के लिए उमड़ी भीड़

उत्तर प्रदेश के औरैया में एक अनोखी शादी खूब चर्चा में है. यहां दूल्हे ने अपने दादा का सपना पूरा करने के लिए दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से करवाई. दादा चाहते थे कि उनकी पोते की बहू हेलीकॉप्टर में आए. महोबा से औरैया तक हुई इस भव्य विदाई ने सभी को हैरान कर दिया और सोशल मीडिया पर इसकी खूब सराहना हो रही है.

हेलीकॉप्टर से दुल्हन की विदाई

उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की एक शादी इस समय सुर्खियों में है. इस शादी में दूल्हा तो कार में बारात लेकर गया लेकिन दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर में कराई. दुल्हन की भव्य विदाई के पीछे भी एक कहानी निकल कर सामने आई है. दरअसल, दूल्हे के दादा का सपना था कि उनके घर की बहू हेलीकॉप्टर में आएगी. हालांकि सपना पूरा होने से पहले ही उनकी मौत हो गई. ऐसे में दूल्हे ने दादा का सपना पूरा करने के लिए दुल्हन की विदाई के लिए हेलीकॉप्टर बुक किया था.

मामला औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव का है. इस गांव में रहने वाले युवक निवेश की शादी महोबा जिले के चरखारी गांव में रहने वाली युवती आकांक्षा के साथ मंगलवार 24 फरवरी को हुई. दूल्हे निवेश ने बड़े शाही अंदाज में बारात निकाली. पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात चरखारी पहुंची, जहां विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से पूरी कराई गईं. इसके बाद बुधवार की सुबह हेलीकॉप्टर से दुल्हन की विदाई हुई.

खूब हो रही शादी की चर्चा

इस शादी समारोह में दोनों पक्षों के परिजन, रिश्तेदार और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे. अब इस शादी की सोशल मीडिया में खूब चर्चा हो रही है. इस चर्चा की वजह दूल्हे के दादा का एक सपना भी है. दरअसल दूल्हे के दादा अक्सर कहते थे कि वह अपने पोते की दुल्हन हेलीकॉप्टर से ले आएंगे. चूंकि पोते की शादी से पहले ही उनका निधन हो गया, इसलिए उनके बेटे और दूल्हे के पिता सत्येंद्र राजपूत ने उनके सपने को पूरा किया है.

हेलीकॉप्टर में दुल्हन देखने उमड़ी भीड़

दूल्हन को लेकर हेलीकॉप्टर ने बुधवार की सुबह महोबा के चरखारी से उड़ान भरी और अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित सिंह वाहिनी महाविद्यालय के मैदान में लैंड किया. जैसे ही हेलीकॉप्टर की आवाज सुनाई दी, आसपास के गांवों से लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते मैदान में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई. हेलीकॉप्टर के उतरते ही नवदंपति का भव्य स्वागत किया गया. परिजनों ने पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया. इस खास पल को कैमरे में कैद करने के लिए लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें बनाते नजर आए.