राम मंदिर: चढ़ावा चोरों की कोर्ट में पैरवी नहीं करेंगे वकील, आज रिमांड मांग सकती है पुलिस

अयोध्या के वकीलों ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपियों की पैरवी न करने का बड़ा फैसला लिया है. इस फैसले पर आज जिला बार एसोसिएशन की बैठक में अंतिम मुहर लगेगी. यह निर्णय 2005 में राम जन्मभूमि पर हुए आतंकी हमले के आरोपियों की पैरवी न करने के समान ही है. दरअसल चढ़ावा चोरी की घटना को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में गहरा आक्रोश है.

सांकेतिक तस्वीर

भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप में पकड़े गए लोगों की पैरवी को लेकर अयोध्या के वकीलों ने बड़ा स्टैंड लिया है. वकीलों ने आपसी सहमति से तय किया है कि वह कोर्ट में आरोपियों की पैरवी नहीं करेंगे. यह जानकारी जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दी. हालांकि इस संबंध में आज होने वाली जिला बार एसोसिएशन की बैठक में फाइनल फैसला लिया जाएगा.

फैजाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका मिश्रा के मुताबिक इस प्रस्ताव पर फाइनल निर्णय के लिए आज सोमवार को संगठन की आम बैठक होगी. उन्होंने बताया कि साल 2005 में, जब श्रीराम जन्मभूमि परिसर में आतंकी हमले हुए थे, उस समय भी यहां के वकीलों ने इसी तरह का फैसला लिया था. अब एक बार फिर यहां के वकीलों ने राम मंदिर में चंदा चोरी करने वालों के खिलाफ यह फैसला लिया है.

लोगों में गहरा आक्रोश

बार अध्यक्ष कालिका मिश्रा के मुताबिक राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर स्थानीय लोगों से लेकर व्यापारियों और कारोबारियों तक में गहरा आक्रोश है. लोग इस मामले में पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. ऐसे में जिले के वकीलों ने फैसला लिया है कि वे कोर्ट में आरोपियों का बचाव नहीं करेंगे. जिला बार के सचिव शैलेंद्र जायसवाल के मुताबिक सोमवार को बार बोर्ड की आम बैठक होगी. इसमें सबकी सहमति से इस प्रस्ताव को पारित किया जाएगा.

कल दिन भर हुई छापेमारी

बता दें कि अयोध्या पुलिस ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपियों के ठिकानों पर शनिवार को छापेमारी की. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के घरों में तलाशी अभियान चलाया. इससे पहले सभी आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया था, जहां से उन्हें 29 जून तक के लिए जेल भेजा गया था. आज इन सभी आरोपियों को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा. संभव है कि इस दौरान अयोध्या पुलिस आरोपियों का रिमांड मांगेगी.

Follow Us