पत्नी की हत्याकर पहले गटर में छिपाया शव, फिर श्मशान में जलाई लाश; ऐसे सामने आई मर्डर मिस्ट्री
उत्तर प्रदेश के बदायूं में 40 दिन से लापता महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि पति ने रिश्तेदारों संग मिलकर गला घोंटकर पत्नी की हत्या की. पहले आरोपियों ने शव को घर के गटर में छिपाया, फिर मौका पाकर श्मशान में जला दिया. पुलिस ने हत्यारे पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार है.
उत्तर प्रदेश के बदायूं में 40 दिन से लापता एक महिला की सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला के पति ने ही अपने रिश्तेदारों और मित्रों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों ने पहले रस्सी से गला घोंटकर महिला की हत्या की. फिर शव को घर के आंगल में ही गटर में छिपा दिया. फिर मौका मिलने पर गटर से शव निकालकर नदी के किनारे श्मशान में ले जाकर जला दिया. हालांकि मामले की जांच करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी पति समेत तीन लोगों को अरेस्ट कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, रसूलपुर पट्टी निवासी राजवीर सिंह यादव ने पुलिस में तहरीर दी है. बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सत्यवती की शादी 16 वर्ष पहले बिसौली थाना क्षेत्र के सर्वा गांव निवासी जयसिंह यादव से की थी. इसके बाद इन्हें तीन बच्चे हुए. उन्होंने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि 3 जून को जयसिंह ने उन्हें सूचना दी कि सत्यवती अचानक कहीं चली गई है और उसकी कोई खबर नहीं मिल रही. इसके बाद से पूरा परिवार बेटी की तलाश में जुट गया था. पुलिस में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी.
ऐसे खुला हत्या का राज
गुमशुदगी की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो कुछ ऐसे इनपुट मिले, जिनसे पति के ऊपर ही शक गहरा गया. इसके बाद पुलिस ने निगरानी की और धीरे धीरे शक की पुष्टि हो गई. इसके बाद पुलिस ने पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसमें वारदात का सनसनीखेज खुलासा हुआ. आरोपियों ने बताया कि उन लोगों ने गला घोंटकर हत्या की थी. इसके बाद शव को गटर में छिपाया था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गटर में से महिला की चूड़ियों के टुकड़े एवं अन्य सामान बरामद किए हैं.
बाद में जला दिया शव
आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन बाद मौका देखकर उन लोगों ने शव को नदी के किनारे श्मशान में ले जाकर जला दिया. इसके बाद शव के अवशेषों को सोत नदी में बहा दिया था. हालांकि इस घटना के बाद ग्लानि की वजह से वारदात में शामिल महिला के जेठ ने सुसाइड कर लिया था. पुलिस के मुताबिक फिलहाल तीन हत्यारोपियों को अरेस्ट कर जेल भेजा गया है. अभी एक आरोपी फरार है. उसकी तलाश कराई जा रही है.