जालौन की लुटेरी पुलिस! ड्राईफ्रूट कारोबारी से झपटे 24.90 लाख रुपये, 3 कांस्टेबल अरेस्ट; एसपी ने लिया बड़ा एक्शन
झांसी में ड्राईफ्रूट कारोबारी के मुंशी से ₹24.9 लाख की लूट मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. जालौन पुलिस के तीन सिपाहियों को इस वारदात में शामिल पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया है. एसपी जालौन ने तीनों सिपाहियों को सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. झांसी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन्हें पकड़ा और आगे की जांच जारी है.
उत्तर प्रदेश के झांसी में ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी से 24.90 लाख रुपये की लूट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. इस वारदात में जालौन में तैनात तीन पुलिसकर्मी भी शामिल पाए गए हैं. मामले की जांच करते हुए झांसी पुलिस ने जालौन पुलिस लाइन में तैनात इन तीनों सिपाहियों को अरेस्ट कर लिया है. इस कार्रवाई के बाद एसपी जालौन विनय कुमार सिंह ने इन तीनों सिपाहियों को सस्पेंड करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.
जानकारी के अनुसार, गुजरात में सूरत निवासी ड्राई फ्रूट कारोबारी जितेंद्र पटेल उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई जिलों में कारोबार करते हैं. झांसी क्षेत्र में व्यापारियों को माल की डिलीवरी से लेकर भुगतान वसूली तक की जिम्मेदारी उन्होंने अपने मुंशी किशन पांचाल को दे रखी थी. गुरुवार शाम किशन पांचाल अपने सहयोगी किशन कुमार के साथ वसूली के लिए झांसी आए थे. यहां उन्होंने व्यापारियों से करीब 24.90 लाख रुपये की वसूली कर स्कूटी से अपने फ्लैट लौट रहे थे.
क्रेटा सवार बदमाशों ने रोकी स्कूटी
पीड़ित के अनुसार, शाम करीब पांच बजे मिनर्वा चौराहे के पास सुरेश होटल के सामने काले रंग की क्रेटा कार में सवार पांच लोगों ने उनकी स्कूटी रोक ली. इसके बाद पिस्टल दिखाकर उन्हें काबू किया और जबरन कार में बैठा लिया. आरोपी करीब डेढ़ घंटे तक उन्हें शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाते रहे और फिर नकदी से भरा बैग छीनकर उन्हें कानपुर बाईपास के पास उतारकर फरार हो गए. इसके बाद उन्होंने तत्काल अपने बॉस और पुलिस को घटना की जानकारी दी.
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
शिकायत मिलने पर एक्शन में आई झांसी पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें आरोपियों की गाड़ी और तीनों कांस्टेबल की पहचान हो गई. इसके बाद झांसी पुलिस जालौन पुलिस लाइन पहुंची, जहां से तीन सिपाहियों को पूछताछ के बाद अरेस्ट किया गया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है. हालांकि अभी बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है.
एसपी जालौन ने की कार्रवाई
एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि झांसी पुलिस की जांच में तीनों सिपाहियों की संलिप्तता सामने आई है. इन तीनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है. विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. इसमें आरोपों की पुष्टि होने पर इन तीनों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उधर, झांसी पुलिस ने बताया कि तीनों सिपाहियों से पूछताछ के आधार पर इनके साथियों की पहचान की गई है. पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है.