‘तिकड़म से जीते जाते हैं चुनाव…’ ये क्या बोल गए BJP विधायक? अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश में बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश के इस बयान ने सियासी घमासान मचा दिया है कि चुनाव विकास से नहीं, 'तिकड़म' से जीते जाते हैं. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर विपक्षी दल, खासकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव, भाजपा पर हमलावर हैं. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि 'सही बात जबान पर आ ही जाती है,' जिससे बीजेपी मुश्किल में घिर गई है.
उत्तर प्रदेश में हरदोई के गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश के बयान पर राजनीतिक बवाल मच गया है. बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश ने बात ही ऐसी कह दी है. उन्होंने कहा कि चुनाव विकास से नहीं, बल्कि तिकड़म से जीता जाता है. विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उनके इस बयान पर विपक्षी दलों ने भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने विजय रथ पर सवार बीजेपी पर सवाल उठाए हैं. कहा कि आखिर सही बात जबान पर आ ही जाती है.
बता दें कि बीजेपी विधायक हरदोई के टड़ियावां ब्लॉक में ग्राम प्रधानों द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि ‘चुनाव जीतने के लिए केवल विकास ही जरूरी नहीं, इसके लिए राजनीतिक तिकड़म और रणनीति भी जरूरी होती है. उन्होंने खुद अपना ही उदाहरण दिया. कहा कि हमने बहुत विकास कार्य कराकर देखे हैं. जिन गांवों में सड़कें बनवाईं, नाली-खरंजे बनवाए, वहां एक भी वोट नहीं मिला.
प्रधानों को भी दिया तिकड़म का मंत्र
विधायक श्याम प्रकाश ने आगामी चुनाव को लेकर प्रधानों को तैयारी में जुट जाने को कहा. उन्होंने कहा कि ‘साम, दाम,
दंड, भेद जो भी तिकड़म हो सके, चुनाव जीतने के लिए कर लेना. इस दौरान उन्होंने पार्टी की साख भी बचाने की अपील की. कहा कि कोई ऐसा कार्य न करना, जिससे पार्टी की शाख प्रभावित हो या पार्टी का प्रधानों से विश्वास उठ जाए. उन्होंने प्रधानों को सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की.
अखिलेश यादव ने कसा तंज
भाजपा विधायक के इस बयान पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने विजय रथ पर सवार भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि इस पार्टी में जो जितना बेईमान, उसकी उतनी ऊंची मचान. उन्होंने कहा कि विधायक ने सही बात कह दी है. ये बेईमानी से ही चुनाव जीतते हैं. विधायक के इस खुलासे पर इनके खिलाफ क्या एक्शन होता है. इन्हें पार्टी से निकाला जाता है या फिर इन्हें मुख्यमंत्री घोषित किया जाता है.
