जस्ट डायल पर फर्जी एड से फ्रॉड, करोड़ों रुपये ऐंठे; बागपत में गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार
बागपत में साइबर क्राइम पुलिस ने अंतरराज्यीय ऑनलाइन ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है. पढ़े-लिखे 8 युवा आसान पैसे के लालच में अपराध की राह पर थे. ये जस्ट डायल के नाम पर लोगों को निशाना बनाते और करोड़ों रुपये हड़प चुके थे. आरोपियों पर IT एक्ट और धोखाधड़ी में मुकदमा दर्ज हुआ है.
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरोह के 8 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे. ये गिरोह जस्ट डायल पर ग्रोसरी और सॉफ्ट ड्रिंक के फर्जी विज्ञापन डालता था. फिर खुद को दुकानदार बता ग्राहकों से पैसे ऐंठता.
जैसे ही कोई ग्राहक संपर्क करता, ये लोग उसे ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए मजबूर करते और पैसे मिलते ही अपना मोबाइल नंबर बंद कर देते थे. हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार सभी आरोपी पढ़े-लिखे हैं. कोई B.Sc कर रहा था, तो कोई MBA और BBA- BCA जैसे प्रोफेशनल कोर्स में पढ़ाई कर रहा था. लेकिन आसान पैसे के लालच में अपराध को चुन लिया.
20 शिकायतें, करोड़ रुपये की कर चुका है ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे, जिससे पैसे का ट्रेस करना मुश्किल हो जाता था. इनके खिलाफ अब तक करीब 20 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें लगभग एक करोड़ रुपये की ठगी सामने आई है. पढ़े-लिखे शातिरों का यह गिरोह लोगों की मेहनत की कमाई को चंद मिनटों में साफ कर देते थे.
बागपत पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 24 सिम कार्ड, 1 टैबलेट, डेबिट कार्ड, वाईफाई डिवाइस, अवैध हथियार, और एक लग्जरी कार भी बरामद की हैं. गिरोह के पास से एक कार भी मिली है, जिसका इस्तेमाल ये लोग मूवमेंट के लिए करते थे. फिलहाल सभी आरोपियों पर आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
गैंग के सभी सदस्य पढ़ें-लिखे, अच्छे परिवारों से- ASP
बागपत के एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार ने बताया कि इस गैंग के सभी सदस्य अच्छे परिवारों से हैं और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी (BBA 1st इयर), उत्कर्ष (MBA), अतुल (MBA 1st इयर), अंकुर (MBA 1st इयर),
आदित्य (B.Sc द्वितीय वर्ष), आयुष (BCA पास), सुमित (BBA) और आकाश सिंह हाईस्कूल पास शामिल हैं.