असम प्लेन क्रैश में शहीद हुआ बागपत का लाल लेफ्टिनेंट प्रशांत तोमर, 6 ​​साल पहले बने थे पायलट

असम के जोरहाट एयरबेस पर वायुसेना के AN-32 विमान क्रैश हो गया. इस दुखद हादसे में बागपत के सपूत फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रशांत सिंह तोमर भी वीरगति को प्राप्त हुए. उनकी शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. देश सेवा में समर्पित प्रशांत 6 साल पहले ही वायुसेना में पायलट बने थे.

फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रशांत तोमर असम AN-32 क्रैश में शहीद Image Credit:

बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के कंडेरा गांव का बेटा देश सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गया. असम के जोरहाट एयरबेस पर वायुसेना के एएन-32 कार्गो विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में कंडेरा गांव मूल निवासी फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रशांत सिंह तोमर शहीद हो गए. जैसे ही उनके बलिदान की सूचना गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

इस हादसे से फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रशांत सिंह तोमर के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि ग्रामीण उनके बलिदान पर गर्व भी महसूस कर रहे हैं. परिजनों के अनुसार, प्रशांत सिंह तोमर करीब 6 साल पहले IAF में पायलट के रूप में चयनित हुए थे. अपनी लगन, अनुशासन और देश सेवा के संकल्प के बल पर उन्होंने कम समय में अलग पहचान बनाई थी.

दो साल पहले दिल्ली में हुई थी प्रशांत की शादी

फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रशांत के ताऊ प्रमोद तोमर ने बताया कि घटना की जानकारी दोपहर में प्राप्त हुई. इसके बाद परिवार के सदस्य तत्काल देहरादून के लिए रवाना हो गए. प्रशांत के पिता उमेश तोमर भी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में देहरादून के सैलाकुई क्षेत्र में रहकर व्यवसाय करते हैं. प्रशांत अपने परिवार में दो भाई-बहनों में से एक थे.

परिजनों के अनुसार, प्रशांत ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा का अधिकांश समय पिता के साथ देहरादून में रहकर पूरा किया था. इसके बाद उन्होंने भारतीय वायुसेना में पायलट के रूप में सेवा शुरू की. करीब दो साल पहले उनका विवाह दिल्ली निवासी ऐश्वर्या के साथ हुआ था. प्रशांत के वीरगति को प्राप्त होने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

कंडेरा गांव ने अपना एक होनहार बेटा खो दिया

गांव में जैसे ही घटना की सूचना पहुंची, लोगों का घर पर पहुंचना शुरू हो गया. ग्रामीणों ने प्रशांत को विनम्र, मेहनती और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत युवा बताते हुए उनके बलिदान पर गर्व और दुख दोनों व्यक्त किए. ग्रामीणों ने कहा कि कंडेरा गांव ने अपना एक होनहार बेटा खो दिया है, लेकिन देश सेवा में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा.

हादसे में IAF के पांच जवान वीरगति को प्राप्त

जानकारी के अनुसार, असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर वायुसेना का एएन-32 मालवाहक विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. हादसे के बाद विमान में आग लग गई, और वह दो हिस्सों में टूट गया. इस दुखद हादसे में वायुसेना के दो अफसर और दो अग्निवीर समेत पांच जवान वीरगति को प्राप्त हुए हैं. घटना पर कोर्ट ऑफ इंक्वायरी बैठाई गई है.

Follow Us