बागपत: हिरासत में युवक की मौत पर बवाल, पुलिस पर हत्या का आरोप; परिजनों ने थाने को घेरा

बागपत में हिरासत के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस पर बर्बर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है. घटना के बाद ग्रामीणों ने चौकी का घेराव कर दिया. मामला बढ़ने पर चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है.

बागपत में हिरासत में युवक की मौत पर बवाल

बागपत के दोघट थाना क्षेत्र की भडल पुलिस चौकी में हिरासत के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान रोहित राणा (23 वर्षीय) पुत्र जोगेंद्र, निवासी निरपुड़ा गांव के रूप में हुई है. परिजनों औऐर ग्रामीणों ने पुलिस पर बर्बर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है.

जानकारी के अनुसार, एक खेत के ट्यूबवेल से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मृतक रोहित राणा सहित चार युवकों को हिरासत में लिया था. बताया जा रहा है कि दिनभर पूछताछ के बाद पुलिस ने तीन युवकों को छोड़ दिया, लेकिन रोहित को हिरासत में ही रखा गया. इसी दौरान शाम के समय चौकी में रोहित ने कथित रूप से पंखे से लटककर फांसी लगा ली.

बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग जाम कर थाने का घेराव

चौकी की बैरक नंबर एक में रोहित का शव पंखे से लटका मिला, इसकी सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में रोहित को मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही गुस्साए परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में चौकी पर इकट्ठा हो गए.

इस दौरान परिजनों और ग्रामिणों ने थाने को घेरा लिया और जमकर हंगामा किया. आक्रोशित लोगों ने बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग जाम कर पुलिस चौकी का घेराव किया. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने रोहित के साथ बर्बर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हुई है. उनका कहना है कि पुलिस अब मामले को आत्महत्या बताकर सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रही है.

भडल चौकी प्रभारी समेत 2 कांस्टेबल निलंबित

ग्रामीणों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई. पुलिस अधीक्षक बागपत सूरज कुमार राय भी घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल कार्रवाई करते हुए भडल चौकी प्रभारी सुरेश कुमार समेत दो कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया है.

फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और परिजन न्याय की मांग को लेकर डटे हुए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं.

Follow Us