‘इंसाफ चाहिए तो अकेले में मिलो’, कोतवाल ने महिला पर बनाया दबाव; DIG ने लिया एक्शन

बलिया में न्याय की गुहार लगाती एक महिला से उभांव थाने के कोतवाल और इंस्पेक्टर क्राइम ने चार्जशीट लगाने के बदले अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डाला. इस घटना का ऑडियो वायरल होने के बाद डीआईजी ने संज्ञान लिया. महिला की शिकायत पर डीआईजी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों दोषी पुलिसकर्मियों (कोतवाल संजय शुक्ला और इंस्पेक्टर नरेश मलिक) को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.

बलिया पुलिस के दो इंस्पेक्टर सस्पेंड

उत्तर प्रदेश के बलिया पुलिस की काली करतूत सामने आई है. जिले के उभांव थाने के कोतवाल और इंस्पेक्टर क्राइम पर एक महिला को न्याय के बदले इज्जत का सौदा करने का आरोप लगा है. इस घटना का एक ऑडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. पीड़िता ने इस संबंध में कप्तान से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो आजमगढ़ में डीआईजी के सामने गुहार लगाई. अब डीआईजी के निर्देश पर कोतवाल संजय शुक्ला और इंस्पेक्टर क्राइम नरेश मलिक को सस्पेंड किया गया है.

पीड़िता के मुताबिक उभांव थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए पहले कोतवाल संजय शुक्ला ने खूब चक्कर कटवाए. आखिर में आजमगढ़ में वह डीआईजी से मिली, इसके बाद मुकदमा दर्ज किया जा सका. अब चार्जशीट के लगाने के लिए उसके ऊपर अनैतिक दबाव बनाया जा रहा था. उसे एकांत में मिलने के लिए कहा जा रहा था. इसके लिए इंस्पेक्टर क्राइम के माध्यम से उसे रुपये देने का भी लालच दिया गया. इसी बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

क्या है मामला?

पीड़िता के मुताबिक एक वन दरोगा ने शादी का झांसा देकर उसके साथ यौन संबंध बनाए और बाद में शादी से मुकर गया. इस संबंध में उसने पहले थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद उसने कप्तान से भी न्याय की गुहार लगाई. फिर भी कार्रवाई नहीं होने पर उसने डीआईजी से मिलकर अपनी व्यथा बताई तो केस दर्ज हो सका. पीड़िता ने बताया कि इस ऑडियो के वायरल होने से खुद उसकी क्षवि को नुकसान पहुंचा है. वहीं बलिया पुलिस का असली चरित्र सामने आया है. इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. बताया जा रहा है कि उभांव थाने के कोतवाल संजय शुक्ला बलिया कप्तान के भरोसेमंद अफसरों में से एक हैं.

चार्जशीट लगाने के लिए रखा प्रस्ताव

पीड़िता के मुताबिक उभांव पुलिस ने उसी समय आरोपी वन दरोगा को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था. अब विवेचना के बाद चार्जशीट को लेकर इंस्पेक्टर नरेश मलिक ने उनसे संपर्क किया और अनैतिक शर्तें रखीं. उसे एकांत में मिलने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला. परेशान होकर पीड़िता ने फिर DIG से गुहार लगाई. इसके बाद डीआईजी ने मामले की जांच कराई और आरोपों की पुष्टि होने पर कोतवाल के साथ इंस्पेक्टर क्राइम को सस्पेंड कर दिया है. इन दोनों के खिलाफ उन्होंने विभागीय जांच के आदेश करते हुए बलिया के अपर पुलिस अधीक्षक को जांच सौंपी है.

Follow Us