हजरतगंज तक पहुंचा विकास नगर में लगी आग का धुंआ, 200 से अधिक झोपड़ियां खाक; कई बच्चे लापता
लखनऊ के विकासनगर में बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से 200 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं. रसोई गैस सिलेंडर और फ्रिज कंप्रेसर फटने से आग तेजी से फैली, जिसका धुआं हजरतगंज तक पहुंचा। कई बच्चे लापता बताए जा रहे हैं. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया. प्रभावितों को रैन बसेरों में शिफ्ट किया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार की दोपहर लगी आग लगातार बढ़ती जा रही है. इस आग की चपेट में अब तक 200 से अधिक झुग्गी झोपड़ियां आ चुकी हैं. इन झोपड़ियों में रखे रसोई गैस के सिलेंडर और फ्रीज के कंप्रेसर फटने से लगातार धमाके हो रहे हैं और इन धमाकों के साथ आग और तेज हो रही है हालात को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने 20 से अधिक दमकल गाड़ियों को आग काबू करने में लगा दिया है. इस आग की तीव्रता का अंदाजा इतने से ही लगाया जा सकता है कि धुआं आसमान में फैलते हुए हजरतगंज के आसमान में भी छा गया है.
इस आग की तपिश ऐसी है कि विकासनगर सेक्टर-14 ही नहीं, आसपास के एरिया में तापमान बढ़ गया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक बुधसार की दोपहर करीब 2 बजे एक झोपड़ी से आग लगी थी. यह आग हवा के साथ तेजी से फैली और कुछ ही देर में आसपास की झुग्गी झोपड़ियों को अपने चपेट में ले लिया. इसके बाद झोपड़ियों में रखे रसोई गैस के सिलेंडर और फ्रिज के कंप्रेसर इस आग की चपेट में आकर फटने लगे. इससे आग और तेजी से फैली. अब तक करीब 200 झोपड़ियां इस आग की चपेट में आकर खाक हो चुकी है.
आसमान छू रही लपटें
इतनी से चल रहे राहत कार्य के बावजूद आग की तीव्रता कम नहीं हो रही. आग की लपटें आसमान छू रही हैं. इस आग से उठने वाला धुंआ हजरतगंज तक पहुंच गया है. इस आग में धमाके की आवाजें लगातार आ रही हैं. हर धमाके की आवाज के साथ आसपास के इलाके थर्रा जा रहे हैं. हालात को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने पूरे शहर की दमकल टीमों को राहत एवं बचाव कार्य में लगा दिया है. उधर, अपनी ही आंखों के सामने जीवन भर की जमा पूंजी खाक होते देख लोगों में कोहराम मच गया है.
कई बच्चे लापता
मौके पर पहुंचे प्रशासन के मुताबिक अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है. वहीं झोपड़ियों में रहने वालों का कहना है कि कई बच्चे लापता हैं. इन लोगों ने अनहोनी की आशंका जताई है. लोग अपनी जलती झोपड़ियों को देखते हुए वहां रो रहे हैं, बिलख रहे हैं. जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची है. पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और लोगों को आग के पास जाने से रोका जा रहा है. दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने में अभी भी समय लग सकता है.
मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएम
घटना की जानकारी के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक खुद मौके पर पहुंचे हैं. उधर, लखनऊ के डीएम और कमिश्नर के अलावा पुलिस कमिश्नर भी मौके पर पहुंच गए हैं. डिप्टी सीएम के मुताबिक इस आग में प्रभावित लोगों को रैन बसेरे में शिफ्ट किया जा रहा है.इस घटना में जख्मी लोगों को उपचार के लिए भी भेजा गया है. उपमुख्य मंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेने के साथ ही अधिकारियों को इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
