प्रयागराज में बड़ा रेल हादसा, देखते ही देखते बिछ गई लाशें; हैरान कर देगी वजह
प्रयागराज में बुधवार को हुए भीषण रेल हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई. करछना में कालका एक्सप्रेस की चपेट में आने के बाद कुछ लोग उतरे और तभी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है. रेलवे ने यात्रियों से प्लेटफार्म पर ट्रेन रुकने तक नीचे न उतरने की अपील की है.
उत्तर प्रदेश के संगम नगरी प्रयागराज में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ. इसमें ट्रेन की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई. सूचना मिलते ही जीआरपी, रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि एक युवक की मौत कालका एक्सप्रेस की चपेट में आने हुई थी. इसे देखने के लिए कुछ लोग ट्रेन से उतर गए. इतने में दूसरी ट्रेन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई और बाकी के चार लोग इस ट्रेन की चपेट में आ गए.
घटना प्रयागराज में यमुनानगर जोन के करछना इलाके में प्रयागराज मंडल के करछना-भीरपुर रेल खंड की है. पुलिस के मुताबिक इस दर्दनाक रेल हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हुई है. रेलवे सूत्रों के मुताबिक ट्रेन नंबर 12312 डाउन दिशा के गार्ड और लोको पायलट ने शाम करीब 6:15 बजे किलोमीटर संख्या 801/24-22 पर ट्रैक पर एक शव पड़े होने की सूचना दी थी. इस सूचना पर ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया.
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से कटे 4 लोग
इसके बाद संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया. इधर, ट्रेन रूकते ही काफी लोग उतर गए. संयोग से इसी दौरान 12801 अप दिशा से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई और इस ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई. पुलिस की जांच में पता चला है कि ये चारो लोग फिरोजाबाद के रहने वाले थे. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची GRP और करछना थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इनकी पहचान गिरिराज, आकाश, अजय और मुन्ना पासी के रूप में हुई है.
सीएम योगी ने जताया दुख
हादसे की सूचना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है. साथ ही जिले के अधिकारियों से फोन पर बातकर उन्हें तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए हैं. उधर, रेलवे ने रेल यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के प्लेटफार्म पर रूकने तक नीचे ना उतरें.
इनपुट: मनीष वर्मा, प्रयागराज
