एक गर्लफ्रेंड और 2 आशिक, बिहार से बुलाकर दोस्त ने UP में दाग दी 4 गोलियां; प्यार में दुश्मनी की कहानी

बलिया में दोस्त ने बक्सर निवासी मित्र आर्यन यादव को गर्लफ्रेंड विवाद में 4 गोलियां मारीं. दोस्ती के बहाने बलिया बुलाकर शराब पिलाकर हमला किया गया. पुलिस के अनुसार, हमलावर का अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप होने वाला था, और वह आर्यन से बात कर रही थी. आर्यन गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.

बलिया में फायरिंग

उत्तर प्रदेश के बलिया में रविवार की देर रात एक युवक के ऊपर कुछ लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग की. इस वारदात में युवक को कुल 4 गोलियां लगी हैं. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. वहीं गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. यह वारदात बलिया में नरही थाना क्षेत्र के सोहांव का है.

पुलिस के मुताबिक घायल युवक की पहचान बिहार में सीमावर्ती जिला बक्सर के रहने वाले आर्यन यादव के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ में आर्यन ने बताया कि आरोपी कोई और नहीं, बल्कि अपने दोस्त ही थे. आरोपियों ने उन्हें दोस्ती के बहाने बक्सर से यहां बलिया बुलाया था. यहां आने के बाद आरोपियों ने पहले शराब पीया और फिर उसे गोली मार दी. फायरिंग के बाद आरोपी उसे मरा हुआ जानकर मौके से फरार हो गए.

गर्लफ्रेंड बनी वारदात की वजह

पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि हमलावरों में से एक का अपनी गर्लफ्रेंड से झगड़ा चल रहा था. नौबत ब्रेकअप की आ गई थी. वहीं उस लड़की की बातचीत आर्यन यादव के साथ हो रही थी. इस बात को लेकर हमलावर आर्यन से दोस्ती होने के बावजूद रंजिश मानने लगा था. इसी रंजिश में आरोपी ने उसे बहाने से बलिया बलाया, जहां दोनों आरोपियों बम और बबलू यादव ने मिलकर आर्यन को गोली मार दी.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

आर्यन ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि आरोपियों के चले जाने के बाद उसने उठने की कोशिश की, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो सका. इतने में किसी स्थानीय व्यक्ति की नजर पड़ी और उसने अस्पताल पहुंचाया. पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान बम और बबलू निवासी बक्सर बिहार के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने टीमों का गठन किया है.

Follow Us