बलिया में स्पा सेंटर पर दिल्ली पुलिस का छापा, 7 नाबालिग लड़कियों को छुड़ाया; सेंटर सील
बलिया में एक स्पा सेंटर पर दिल्ली पुलिस, थाना कोतवाल और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम ने छापा मारा. जहां से 7 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया है. पुलिस ने स्पा को सील कर दिया है और सभी लड़कियों को सखी वन स्टॉप सेंटर भेजा है. पुलिस मामले में मानव तस्करी के एंगल से भी गहन जांच कर रही है.
बलिया में एक स्पा सेंटर पर शुक्रवार देर रात दिल्ली और स्थानीय पुलिस ने छापा मारा, जहां से 7 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है. यह कार्रवाई दिल्ली में दर्ज एक गुमशुदा लड़की के मामले से शुरू हुई थी, जिसने स्पा में नाबालिगों से काम कराने का खुलासा किया. पुलिस ने स्पा को सील कर दिया है और सभी लड़कियों को सखी वन स्टॉप सेंटर भेजा है.
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के अंबेडकर नगर इलाके से एक लड़की अचानक लापता हो गई थी. परिजन ने काफी खोजने के बाद 22 मई को बेटी की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और युवती को गुजरात से बरामद कर लिया. वहीं, जब युवती से पूछताछ की तो पता चला उसे अगवा करने वाली महिला बलिया में है.
बलिया के चटोरी गली में स्थित स्पा सेंटर में छापेमारी
पुलिस पूछताछ में लापता युवती ने कई और हैरान करने वाले खुलासे किए. युवती ने बताया कि उसे गुजरात लेकर आने वाली महिला बलिया में है, जहां नाबालिग लड़कियों से एक स्पा सेंटर में काम करवाया जाता है. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत बलिया पुलिस से संपर्क साधा और अपनी टीम के साथ शुक्रवार देर रात बलिया पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया.
दिल्ली पुलिस, बलिया थाना कोतवाल और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम ने मिलकर संयुक्त कार्रवाई करते हुए चटोरी गली में स्थित स्पा सेंटर में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने स्पा से 7 लड़कियों और मैनेजर से घंटों से पूछताछ की. करीब 4 घंटे तक चली इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी लड़कियों का मेडिकल टेस्ट कराने के बाद सखी वन स्टॉप सेंटर भेज दिया.
सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में स्पा सेंटर सीज- SP
एसपी (बलिया) मुहम्मद उस्मान ने बताया कि दिल्ली पुलिस और बलिया पुलिस के सहयोग से स्पा सेंटर की तलाशी ली गई तो वहां से 7 लड़कियों को बरामद किया गया. छापेमारी के बाद अनैतिक गतिविधियों की आशंका के चलते सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में स्पा सेंटर को सीज कर दिया गया है. पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
