चार महीने की प्रेग्नेंट बीवी को पीटा, गर्भपात के लिए बनाया दबाव; एक्शन में पुलिस
एक युवक ने अपनी 4 महीने की प्रेग्नेंट बीवी के साथ जमकर मारपीट की. यही नहीं, आरोपी ने उसका गर्भ गिरवाने का भी प्रयास किया. पीड़ित पत्नी की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने उसके पति और जेठ के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए पति को अरेस्ट कर लिया है
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक ने अपनी 4 महीने की प्रेग्नेंट बीवी के साथ जमकर मारपीट की. यही नहीं, आरोपी ने उसका गर्भ गिरवाने का भी प्रयास किया. पीड़ित पत्नी की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने उसके पति और जेठ के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए पति को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मामला बरेली में इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव पहाड़गंज का है.
इस गांव में रहने वाली पीड़िता पूजा रानी ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उसके पति मनोज कुमार का व्यवहार लंबे समय से ठीक नहीं है.पहले भी आरोपी पति ने उसके साथ कई बार मारपीट की है. लेकिन इस बार तो आरोपी ने हद ही पार कर दिया. एक बार उसने गर्भस्थ शिशु की हत्या करा दी. इस घटना के बाद भी आरोपी के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया. अब वह दोबारा प्रेग्नेंट हो गई तो आरोपी गर्भपात के लिए दबाव बना रहा है.
विरोध करने पर की मारपीट
पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 23 जुलाई की दोपहर आरोपी पति ने गर्भपात कराने के लिए दबाव बनाया, वहीं जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की. पीड़िता ने खुद को बचाने के लिए कमरे में बंद कर लिया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में लेकर शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया.
फोन पर धमकाने का आरोप
महिला का आरोप है कि उसी रात आरोपी के बड़े भाई शेर सिंह ने फोन कर उसे घर छोड़ने और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उसने दोबारा पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति मनोज कुमार और उसके बड़े भाई शेर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना इज्जतनगर प्रभारी सुरेश गौतम बताया कि महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है. इस संबंध में महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
