पति से छुटकारा पाना चाहती थी पत्नी, भाई को बुलाकर घर में कराई लूट; हैरान कर देगी कहानी
उत्तर प्रदेश के बलिया में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों से छुटकारा पाने के लिए अपने भाई के साथ मिलकर घर में लूट की साजिश रची. पुलिस ने इस मामले में महिला और उसके भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना खेजूरी थाना क्षेत्र के खड़सरा गांव की है, जहां घर की बड़ी बहू ने ही अपने ही घर को लूटवाया.
उत्तर प्रदेश के बलिया में एक लूटकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. इस वारदात की मास्टरमाइंड घर की बड़ी बहू ही निकली है. पुलिस ने इस चालबाज बहू और उसके भाई को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी बहू ने बताया कि उसे अपने पति से छुटकारा चाहिए था. इसलिए उसने अपने भाई से मिलकर अपने ही घर में लूट कराई थी. यह वारदात बलिया के खेजूरी थाना क्षेत्र में खड़सरा गांव की है.
पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले रज्जब हुसैन के घर में 6 जून की रात लूट की वारदात हुई थी. अगले दिन रज्जब हुसैन ने पुलिस में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखाया था. आरोप लगाया था कि बदमाशों ने उनके घर में घुसकर उनकी पत्नी और भाभी को डरा धमकाकर इस वारदात को अंजाम दिया है. इस शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अब वारदात की मास्टरमाइंड और घर की बड़ी बहू अमीना और उसके भाई शमीम को गिरफ्तार किया है.
इस लिए कराया वारदात
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल बताया कि अमीना खातून की अपने पति और अन्य ससुरालियों से विवाद था. वह इन सभी से छुटकारा पाना चाहती थी. इसलिए उसने साजिश के तहत अपने भाई को बुलाकर इस वारदात को अंजाम दिया है. आरोपी अमीना के इशारे पर उसके भाइयों ने घर में रखी नगदी और जेवरात आदि लूट लिया और मौके से फरार हो गए थे. अब पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद इन सभी को जेल भेज दिया है.
ऐसे हुआ खुलासा
अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक खेजुरी थाने में पीड़ित रज्जब ने शिकायत दी थी.इसमें बताया था कि कुछ अज्ञात लोग उसके घर में घुसे थे. आरोपियों ने अपना चेहरा कवर कर रखा था. इन बदमाशों ने घर में मौजूद उसकी पत्नी और भाभी को डरा-धमकाकर आतंकित कर दिया. इसके बाद आरोपी नगदी जेवर लेकर फरार हो गए थे. पुलिस ने मोबाइल सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी अमीना खातून, उसके भाई शमीम और इरशाद को अरेस्ट किया है.
