आसनसोल से पति की तलाश में पहुंची बलिया, फिर टॉवर पर चढ़ी… 24 घंटे बाद भी नहीं उतरी

बलिया में एक महिला पति की तलाश में मोबाइल टॉवर पर 24 घंटे से अधिक समय से चढ़ी हुई है. आसनसोल से बलिया पहुंची पूनम देवी अपने प्रेम विवाह के बाद गायब हुए पति सौरव को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी है. पुलिस और प्रशासन उसे नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है. यह घटना लीलकर गांव में हुई है.

टॉवर पर चढ़ी महिला

उत्तर प्रदेश के बलिया में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है. पति की तलाश में आसनसोल से चलकर आई महिला यहां सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के लीलकर गांव में अचानक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन फानन में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और महिला को टॉवर से उतारने की कोशिश की गई. लेकिन महिला अपने पति को वहीं पर बुलाने की जिद पर अड़ी है. फिलहाल मौके पर बीते 24 घंटे से हाई-वोल्टेज ड्रॉमा जारी है.

पुलिस के मुताबिक महिला की पहचान मूल रूप से बिहार की रहने वाली पूनम देवी के रूप में हुई है. वह काफी समय से आसनसोल में रह रही थी. उसने बताया कि वहां वह बलिया में उभांव थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक सौरव के साथ प्रेम प्रसंग में थी और कुछ समय पहले दोनों ने शादी भी कर ली. अभी हाल ही में उसका पति गांव घूमने के लिए आया और वापस नहीं लौटा. उसने महिला से संपर्क करना भी बंद कर दिया. ऐसे में महिला उसे ढूंढते हुए बलिया पहुंची है.

24 घंटे से टॉवर पर बैठी है महिला

पुलिस के मुताबिक यह महिला मंगलवार को लीलकर पहुंची और उसी समय से टॉवर पर चढ़ी हुई है. उसके मोबाइल टावर पर चढ़ने की खबर से आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे हैं. सीओ बलिया के मुताबिक इस महिला ने अपने पति की खूब तलाश की, लेकिन कोई खबर नहीं मिली तो वह ध्यानाकर्षण के लिए टॉवर पर चढ़ने का तरीका ही ठीक लगा और टॉवर को ढूंढते हुए वह लीलकर आ गई.

एक बार उतरकर फिर चढ़ गई

सीओ के मुताबिक इस महिला से लगातार संवाद जारी है. एक बार वह नीचे भी उतर आई थी, लेकिन उसे संदेह हो गया तो वापस ऊपर चली गई. वह एक ही जिद पर अड़ी है कि उसके पति को बुलाया जाए. पुलिस ने उसके पति से संपर्क किया है और उसे तत्काल मौके पर पहुंचने को कहा गया है. उन्होंने बताया कि महिला के पास एक फोन भी है, जिससे वह लगातार वह किसी व्यक्ति के संपर्क में है.

Follow Us