दुनिया में सबसे गर्म बांदा, पारा @47.6 डिग्री; शाम ढलते बारिश ने दी राहत… पढ़ें कल का मौसम
उत्तर प्रदेश के बांदा में लगातार तीन दिन से रिकॉर्ड 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. इसी के साथ यह जिला केवल यूपी नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे गर्म स्थान बन गया है. हालांकि, मंगलवार की शाम पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बुंदेलखंड समेत कई जिलों में आंधी-बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में 58 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, जिससे आगामी 10 दिनों तक लू से मुक्ति मिलेगी.
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. खासतौर पर बुंदेलखंड में तो आसमान से आग ही बरस रही है. यहां बांदा जिले में तापमान लगातार तीसरे दिन लगातार तीसरे दिन 47.6 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया. यह आंकड़ा उत्तर प्रदेश ही नहीं, दुनिया भर के सबसे गर्म शहरों में सर्वाधिक है. वैसे तो अब तक सबसे गर्म शहरों में राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर का नाम आता था, लेकिन अब ये जिले दुनिया की टॉप 10 गर्म शहरों में पांचवें और छठें नंबर पर आ गए हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बांदा में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ. वहीं दूसरे स्थान पर पाकिस्तान का नवाबशाह रहा, जहां 47.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. इसी प्रकार पांचवें स्थान पर राजस्थान का बाड़मेर रहा है. यहां मंगलवार को 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक दिन भर तपने के बाद मंगलवार की शाम को बूंदाबांदी होने से थोड़ी राहत मिली है.
बुंदेलखंड में चली आंधी पानी
मौसम विभाग के मुताबिक एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मंगलवार की शाम ढलते ही बुंदेलखंड क्षेत्र में आंधी पानी की स्थिति बनी. इसकी वजह से तापमान में थोड़ी गिरावट आई. यहां झांसी में सर्वाधिक 6.9 मिमी बारिश हुई है. इसी प्रकार ललितपुर में 3 मिमी बारिश दर्ज हुई. हमीरपुर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, महोबा आदि जिलों में भी कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई है. इसके अलावा कई अन्य जिलों में ठंडी हवाएं चली हैं. इससे करीब 10 दिनों से तप रहे उत्तर प्रदेश को गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
58 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जिलों में बिजली कड़कने और आंधी चलने के भी आसार हैं. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के मुताबिक प्रदेश के 32 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसी के साथ मौसम विभाग ने अगले दस दिन तक लू से राहत मिलने की संभावना जताई है. वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है.
इन जिलों में गिर सकती है बिजली
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव आदि जिलों में बिजली गिरने की आशंका है.
इसके अलावा बिजली गिरने का खतरा लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर,संभल, बदांयू में भी है. इन सभी जिलों में हल्की बारिश की पूरी संभावना है.