बाराबंकी: आर्मी जवान ने PM के खिलाफ टिप्पणी का किया विरोध, सपा कार्यकर्ताओं ने कर दी पिटाई
बाराबंकी में एक आर्मी जवान को सपा विधायक के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री पर कथित टिप्पणी का विरोध करना महंगा पड़ गया. PM का बचाव करने पर भीड़ ने उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे गंभीर चोटें आईं. इस दौरान कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बाराबंकी में सतरिख थाना क्षेत्र में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के विधायक का कार्यक्रम था. कार्यक्रम के दौरान एक आर्मी जवान को प्रधानमंत्री के खिलाफ हो रही टिप्पणी का विरोध करना भारी पड़ गया. मौके पर मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. आर्मी जवान 18 सालों से सेना में तैनात हैं, इन दिनों छुट्टी पर गांव आए हुए हैं.
पीड़ित आर्मी जवान की पहचान विकास टीप के रुप में हुई है. उनका आरोप है कि गांव में चल रहे कार्यक्रम से उन्हें प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक बातें सुनाई दीं. कुछ देर तक सुनने के बाद वह मौके पर पहुंचे और माइक लेकर विरोध जताने लगे. इसी दौरान माइक छीन लिया गया और वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.
बाद में पता चला सपा विधायक का कार्यक्रम था
पीड़ित के मुताबिक, मापरपीट में उनके सिर, हाथ, पैर और शरीर के दूसरे हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. मौके पर मौजूद पुलिसवालों ने बीच-बचाव करके उन्हें बचाया, जिसके बाद अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. बाद में, उसे पता चला कि यह कार्यक्रम सपा विधायक सुरेश यादव ऑर्गनाइज कर रहे थे, जहां एक कंक्रीट सड़क का उद्घाटन किया जा रहा था.
अचानक कार्यक्रम में आकर माइक छिना- आयोजक
वहीं, कार्यक्रम के आयोजक शेर बहादुर सिंह ने घटना के बारे में कुछ और ही बताया है. उन्होंने कहा कि विधायक सुरेश यादव अपने काम पर प्रेजेंटेशन दे रहे थे, तभी वह आदमी अचानक आया, माइक्रोफ़ोन छीन लिया, और कार्यक्रम में रुकावट डाली. उन्होंने कहा कि भीड़ की वजह से थोड़ी हाथापाई हुई, लेकिन किसी भी गंभीर मारपीट से इनकार किया.
थाने में शिकायत की, पुलिस से कार्रवाई की मांग
यह घटना बाराबंकी में सतरिख थाना क्षेत्र के हासेमऊ गांव की है. पीड़ित आर्मी जवान विकास टीप ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए सतरिख थाना में तहरीर दी है. पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई. फिलहाल, इस घटना को लेकर इलाके में चर्चाएं तेज हैं. इस घटना ने इलाके में राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है.
