यूपी में कल जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट, छूटे हुए मतदाताओं के लिए अब भी है ये विकल्प

उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची कल प्रकाशित होगी. चुनाव आयोग के SIR अभियान के बाद यह अपडेटेड वोटर लिस्ट है. यही मतदाता सूची अब सभी चुनावी प्रक्रियाओं का आधार बनेगी. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि छूटे हुए मतदाता इसके बाद भी अपना नाम जुड़वा सकते हैं.

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कल

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत प्रशासनिक गतिविधियां चरम पर पहुंच गई हैं. मतदाता सूची को त्रुटिरहित, सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहा है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने गुरुवार को बताया कि 10 अप्रैल को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी.

यह सूची आगामी चुनावी तैयारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. रिनवा ने कहा कि निर्वाचन आयोग का स्पष्ट उद्देश्य है कि मतदाता सूची पूरी तरह सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित हो. अंतिम प्रकाशन से पहले हमने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरी जिम्मेदारी से समय पर तैयारियां पूरी करें.

छूटे हुए मतदाताओं के लिए अब भी है ये विकल्प

SIR अभियान 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानकर शुरू किया गया था. इस दौरान घर-घर जाकर सत्यापन, दावे और आपत्तियों का निस्तारण, नोटिस जारी करना, सुनवाई की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया. ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद लाखों दावे-आपत्तियों का निपटारा कर डेटाबेस को और अधिक शुद्ध और विश्वसनीय बनाया गया.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए बेहद जरूरी है. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम किसी कारणवश छूट गया है या गलती से कट गया है, वे फॉर्म-6 भरकर अभी भी अपना नाम शामिल करा सकते हैं.

सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मिला ये निर्देश

वहीं, 10 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद इसे आधिकारिक रिकॉर्ड माना जाएगा. भविष्य में होने वाले सभी संशोधनों का आधार यही अंतिम सूची बनेगी. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 10 अप्रैल को सुबह 11 बजे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करें.

इस बैठक में अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां वितरित की जाएंगी और प्राप्ति की पुष्टि मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी. यह अभियान उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र की नींव को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. कल जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची अब सभी चुनावी प्रक्रियाओं का आधार बनेगी.

Follow Us