बारांबकी के अवसनेश्वर महादेव मंदिर पर चोरों का धावा, लोहे का गेट काटकर ले उड़े 25 लाख की चांदी
बारबांकी के अवसनेश्वर महादेव मंदिर पर चोरों ने धावा बोल दिया. मंगलवार यानी 03 फरवरी की रात चोरों ने पहले मंदिर के लोहे की गेट को काटा. फिर तकरीबन 7 से 8 किलो चांदी के आभूषण ले उड़े. इसके अलावा श्रद्धालुओं की तरफ से दानपात्र में चढ़ाई गई धनराशि पर भी हाथ साफ कर लिया.
बाराबंकी के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र केअवसनेश्वर महादेव मंदिर को मंगलवार यानी 03 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया. चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे लोहे के कैंची गेट (चैनल गेट) को काटकर भीतर प्रवेश किया. फिर तकरीबन 25 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण व दानपात्र की नगदी लेकर फरार हो गए.
चोरों ने उड़ा डालें 7 से 8 किलो चांदी
पुलिस के मुताबिक चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से मंदिर पर धावा बोला. मंदिर के मुख्य गर्भगृह तक पहुंचने के लिए चोरों ने मुख्य द्वार के लोहे के जालीदार चैनल को औजारों की मदद से तोड़ दिया. मंदिर के भीतर प्रवेश करने के बाद चोर वहां मौजूद करीब 7 से 8 किलो चांदी जिसमें चांदी का क्षण, आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं वह बटोर ले गए. साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा दानपात्र में चढ़ाई गई धनराशि पर भी हाथ साफ कर दिया.
घटना का खुलासा तब हुआ जब बुधवार यानी 04 फरवरी की सुबह मंदिर के पुजारी नित्य पूजन के लिए पहुंचे. मुख्य द्वार का चैनल टूटा देख उनके होश उड़ गए. अंदर जाने पर चांदी के आभूषण गायब मिले. पुजारी ने तत्काल मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संजय गिरी को इस चोरी के बारे में सूचित किया.
चोरों की पहचान के प्रयास में लगी है पुलिस
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ और कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने मंदिर प्रशासन से घटना की जानकारी ली और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. चोरों की पहचान के लिए पुलिस मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है. फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है. घटना के बारे में अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर से एक चांदी की एक क्षण और आभूषण गायब हुए हैं.