बाराबंकी में कुत्तों का आतंक! 3 साल की बच्ची पर जानलेवा हमला, 35 दिन में 2700 लोग बने शिकार

बाराबंकी में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है. अब एक 3 साल की बच्ची पर कुत्ते ने जानलेवा हमला किया है. इससे बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर आईसीयू में भर्ती है. डॉक्टरों ने एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिया है. जिले में पिछले 35 दिनों में 2697 लोगों को कुत्तों ने काटा है. इससे लोगों में भारी आक्रोश है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में बाराबंकी के लोगों पर आवारा जानवरों का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रहा. अब यहां एक आवारा कुत्ते का आतंक देखने को मिला है. इस कुत्ते ने घर के बाहर खेल रही एक तीन साल की बच्ची को बुरी तरह से नोंच खाया है. इससे बच्ची की जान पर बन आई है. आनन फानन में बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाने के साथ उसे आईसीयू में रखा गया है.

घटना बाराबंकी में कोठी थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव का है. जानकारी के मुताबिक बुधवार की दोपहर इस गांव में रहने वाले रिंकू की तीन वर्षीय बेटी अपनी बड़ी बहन के साथ घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान गांव में घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने मासूम बच्ची के ऊपर हमला कर दिया. कुत्ता इस बच्ची को बुरी तरह से नोंच रहा था. यह देखकर उसकी बहन चींखने लगी. उसकी चींख सुनकर पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को मारकर भगाया.

डॉक्टरों ने किया रेफर

आनन फानन में बच्ची के परिजन उसे खून से लथपथ हालात में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने इंफेक्शन रोकने के लिए बच्ची को एंटी-रेबीज वैक्सिन लगाया और उसके शरीर पर आए घावों के इलाज के लिए आईसीयू में भर्ती कर लिया है. जहां बच्ची की हालत अभी नाजुक बनी हुई है.

35 दिन में 2697 को काटा

एक रिपोर्ट के मुताबिक बाराबंकी में कुत्तों का जबरदस्त आतंक है. बीते 35 दिनों में ही आवारा कुत्तों ने 2697 लोगों को काट खाया है. इनमें सबसे ज्यादा संख्या बच्चों की है. अभी हाल ही में एक 11 साल की बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला किया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल भी हुआ था. इसमें घायल बच्ची का अभी भी लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है. जिले में इस प्रकार लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भारी आक्रोश है.