‘शादी करो वरना तेजाब फेंक देंगे’,शोहदों से परेशान 11वीं की छात्रा ने छोड़ा स्कूल, CM योगी से लगाई मदद की गुहार

बरेली में 11वीं की छात्रा को दो युवक एक साल से लगातार परेशान कर रहे हैं. उसपर शादी करने का दबाव बना रहे हैं. बात नहीं मानने पर चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दे रहे हैं. डर के मारे छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है. पुलिस की तरफ से ठोस कार्रवाई नहीं होने पर छात्रा ने सीएम योगी से मदद की गुहार लगाई है.

शोहदों से परेशान 11वीं की छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ा

बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 15 साल की छात्रा इन दिनों डर और दहशत के साए में जिंदगी जी रही है. 11वीं कक्षा की इस छात्रा का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले दो युवक पिछले करीब एक साल से उसे लगातार परेशान कर रहे हैं. कभी स्कूल जाते समय उसका पीछा किया जाता है, तो कभी रास्ते में अश्लील बातें और फब्तियां कसी जाती हैं. अब हालात इतने खराब हो चुके हैं कि छात्रा ने स्कूल जाना तक छोड़ दिया है.

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक शान मोहम्मद और उसका चचेरा भाई समी उस पर शादी करने का दबाव बना रहे हैं. छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो दोनों ने उसपर तेजाब फेंकने की धमकी दे डाली. इस धमकी के बाद छात्रा और उसका परिवार पूरी तरह सहम गया है. छात्रा का कहना है कि अब उसे घर से अकेले बाहर निकलने में भी डर लगता है.

स्कूल जाते वक्त करते थे पीछा

छात्रा का आरोप है कि जब भी वह स्कूल के लिए घर से निकलती थी तो आरोपी रास्ते में उसका पीछा करते थे. कई बार उन्होंने रास्ता रोकने की भी कोशिश की. शुरुआत में छात्रा ने इन हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब मामला लगातार बढ़ता गया तो उसने विरोध करना शुरू किया. इसके बावजूद आरोपियों की हरकतों में कोई कमी नहीं आई.

छात्रा का कहना है कि वह पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती है, लेकिन पड़ोस में रहने वाले इन युवकों की वजह से उसकी पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है. डर की वजह से उसने स्कूल जाना बंद कर दिया है. परिवार वालों को भी हर समय किसी अनहोनी का डर बना रहता है.

पीड़िता के पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. आर्थिक हालत ज्यादा अच्छी नहीं होने के बावजूद वह अपनी बेटियों को पढ़ाना चाहते हैं. छात्रा ने बताया कि उसकी दो बहनें और हैं और मां घर संभालती है. ऐसे में पूरा परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है.

समझाने गए पिता और भाई से मारपीट

पीड़िता के परिवार का आरोप है कि 22 मई को छात्रा के पिता और भाई आरोपी युवकों के घर उन्हें समझाने के लिए गए थे. परिवार चाहता था कि बातचीत के जरिए मामला शांत हो जाए और आगे उनकी बेटी को परेशान न किया जाए. लेकिन वहां बात उल्टी पड़ गई. आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोगों ने छात्रा के पिता और भाई के साथ मारपीट कर दी.

सीसीटीवी के जरिए उनके घर आने-जाने वालों पर रखी जा रही नजर

परिवार का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने अपने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगवा दिए हैं. पीड़िता का आरोप है कि इसके जरिए उनके घर आने-जाने वालों पर नज़र रखी जा रही है. इससे परिवार और ज्यादा डरा हुआ है.घटना के बाद छात्रा अपने परिवार के साथ मीरगंज थाने पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत दी.

छात्रा का आरोप-पुलिस ने नहीं की ठोस कार्रवाई

छात्रा का आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. परिवार का कहना है कि उन्हें थाने से ही वापस भेज दिया गया.अब परेशान छात्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगाई है. छात्रा ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि उसे सुरक्षा मिल सके और वह दोबारा बिना डर के स्कूल जाकर अपनी पढ़ाई पूरी कर सके. वहीं, पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी

Follow Us