निक्की भाटी हत्याकांड में समझौता, ससुराल लौटेगी बड़ी बहन कंचन, केस वापस लेंगे पिता

निक्की भाटी मर्डर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है. दोनों परिवारों ने आपस में समझौता कर लिया है. निक्की के पिता ससुराल पक्ष के ऊपर दायर किए गए केस को वापस लेने जा रहे हैं. वहीं, निक्की की बड़ी बहन कंचन भी ससुराल लौटेगी. इसके अलावा पंचायत में यह तय हुआ कि निक्की भाटी के बच्चों के अधिकार और भविष्य को सुरक्षित किया जाएगा.

निक्की भाटी मर्डर केस में समझौता

ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की भाटी हत्याकांड में अब नया मोड़ सामने आया है. तकरीबन 9 महीने से चल रहे विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत में समझौता हो गया. गांव और समाज के लोगों की मौजूदगी में कई दौर की बातचीत हुई जिसके बाद दोनों परिवार आपसी सहमति पर पहुंचे है. दोनों परिवार का कहना है कि यह फैसला बच्चों के भविष्य और परिवार की भलाई को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.

निक्की भाटी के बच्चों के भविष्य पर बनी सहमति

पंचायत में यह तय हुआ कि निक्की भाटी के बच्चों के अधिकार और भविष्य को सुरक्षित किया जाएगा. इसके लिए बच्चों के नाम संपत्ति करने को लेकर भी दोनों पक्षों में सहमति बनी है. पंचायत में मौजूद बुजुर्गों ने दोनों परिवारों को आपसी रिश्ते बनाए रखने की सलाह दी. निक्की भाटी के पिता भिखारी सिंह ने बताया कि अब दोनों परिवार में समझौते के बाद आपसी सहमति बन गई है. अब वह जल्द ही अदालत में एफिडेविट दाखिल कर केस वापस लेंगे.

बड़ी बहन अब वापस जाएगी ससुराल

पंचायत के फैसले के बाद अब निक्की भाटी की बड़ी बहन कंचन भाटी आपसी समझौते के बाद वापस अपने ससुराल जाएगी. वह पिछले 9 महीने से अपने मायके में अपने परिवार के साथ रह रही थी. परिवार के लोगों का कहना है कि लंबे विवाद से दोनों पक्ष परेशान थे. इसलिए पंचायत के जरिए समाधान निकाला गया है.

निक्की भाटी की संदिग्ध परिस्थितियों जलकर हो गई थी मौत

गौरतलब है कि 21 अगस्त 2025 को ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में 26 वर्षीय निक्की भाटी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई थी. घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे. मामला सामने आने के बाद इलाके में काफी चर्चा हुई. पुलिस ने जांच के दौरान मुख्य आरोपी पति विपिन भाटी को 23 अगस्त 2025 को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था इसके अलावा सास ससुर और जेठ को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.

Follow Us