अब बरेली में भी 100 से ज्यादा दुकानों पर चला बुलडोजर, जद में मस्जिद का एक हिस्सा, रोते-बिलखते दिखे दुकानदार
मुख्यमंत्री ग्रेड योजना के तहत सड़कों को चौड़ा और व्यवस्थित किया जाना है. इसी को लेकर आज बरेली में 100 से अधिक दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया. इस दौरान वहां स्थित मस्जिद का आगे का हिस्सा भी बुलडोजर एक्शन की जद में आ गया.
वाराणसी की दाल मंडी के बाद अब बरेली में भी बुलडोजर की कार्रवाई तेज हो गई है. शहर के थाना प्रेम नगर इलाके के कोहड़ापीर क्षेत्र में सीएम ग्रेड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के तहत बड़े स्तर पर तोड़फोड़ शुरू कर दी है. इस कार्रवाई में करीब 100 के आसपास दुकानें जद में आ गई हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है.
यह पूरा अभियान मुख्यमंत्री ग्रेड योजना के तहत चलाया जा रहा है, जिसमें सड़क को चौड़ा और व्यवस्थित किया जाना है. इसी योजना के तहत कोहड़ापीर इलाके में पुराने निर्माण हटाए जा रहे हैं. सुबह से ही तीन-तीन बुलडोजर मौके पर लगाए गए हैं और लगातार दुकानों को गिराया जा रहा है.
दुकानदारों का आरोप- निशान से आगे तोड़फोड़
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानें कई साल पुरानी हैं. इन्हीं से उनका परिवार चलता है. उनका आरोप है कि नगर निगम ने पहले कुछ हिस्सों पर लाल निशान लगाए थे, लेकिन अब बुलडोजर उससे आगे तक तोड़फोड़ कर रहा है. दुकानदारों का कहना है कि अगर दुकानें पूरी तरह से हटा दी गईं तो उनका रोजगार खत्म हो जाएगा. कई लोग मौके पर अपनी दुकान बचाने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली.
मस्जिद का हिस्सा भी आया जद में
इस कार्रवाई के दौरान एक मस्जिद के आगे का हिस्सा भी सड़क चौड़ीकरण की जद में आ गया. उस हिस्से पर भी बुलडोजर चलाया गया, जिसके बाद इलाके में माहौल और ज्यादा संवेदनशील हो गया. हालांकि प्रशासन का कहना है कि जो भी निर्माण सड़क की सीमा में आ रहा है, उसे हटाया जा रहा है, चाहे वह कोई भी हो. स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. किसी भी तरह के विरोध या हंगामे से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है.
इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुटी
इसके साथ ही नगर निगम की टीम और परिवर्तन दल भी मौके पर मौजूद हैं और पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं. इलाके में लोगों की भीड़ जुटी हुई है और कई जगहों पर गुस्सा भी देखने को मिल रहा है. लोग अपने नुकसान को लेकर काफी परेशान हैं और प्रशासन से राहत की मांग कर रहे हैं. लेकिन कुछ लोगों ने इस बुलडोजर की कार्रवाई को सही भी बताया है
क्या है पूरा मामला?
सीधी भाषा में समझें तो सड़क चौड़ीकरण के लिए नगर निगम ने पहले ही नोटिस देकर दुकानों को हटाने के लिए कहा था. इसके बाद अब बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जा रहा है. लेकिन दुकानदारों का कहना है कि कार्रवाई तय सीमा से ज्यादा की जा रही है, जिससे उनका भारी नुकसान हो रहा है. फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन प्रशासन पूरी कार्रवाई को कानून के दायरे में बताते हुए आगे बढ़ रहा है.
