19 होटल, कई VIP और बंगाल की लड़कियां… कानपुर सेक्स रैकेट में पुलिस की नजर गेस्ट लिस्ट पर!
कानपुर सेक्स रैकेट केस में बड़ा अपडेट सामने आया है. पुलिस को रोहित के फोन में शहर के करीब 19 होटलों की एक लिस्ट मिली. पुलिस ने इन होटलों पर छापेमारी शुरू की और वहां के रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन होटलों में किन-किन लोगों की एंट्री हुई,कौन-कौन ठहरा.
कानपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर महिलाओं को अनैतिक देह व्यापार के दलदल में धकेलने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने दो दिन पहले पर्दाफाश किया था. पश्चिम बंगाल की मूल निवासी एक महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को हिरासत में लेकर शहर के करीब 20 होटलों में एक साथ छापेमारी भी की थी. इस कार्रवाई से होटल संचालकों और इस काले कारोबार में संलिप्त सफेदपोशों के बीच हड़कंप मच गया है.
नौकरी के बहाने तस्करी और शोषण
मामले का खुलासा तब हुआ जब पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक पीड़िता ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई. पीड़िता के अनुसार, उसे बेहतर नौकरी और अच्छे भविष्य का झांसा देकर शहर लाया गया था. यहां आने के बाद उसे बंधक बनाकर जबरन अनैतिक देह व्यापार में धकेल दिया गया. महिला की तहरीर पर संबंधित थाने में तत्काल एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू की गई.
मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार, होटलों की सूची तैयार
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की और दबिश देकर रोहित वर्मा नाम के एक अभियुक्त को हिरासत में ले लिया. पुलिस की कड़ी पूछताछ में रोहित ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने शहर के उन तमाम होटलों के नामों का खुलासा किया है, जहां यह अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं. पुलिस के पास अब तक लगभग 19 ऐसे होटलों की सूची है, जो इस सिंडिकेट का हिस्सा होने के संदेह के घेरे में हैं.
20 होटलों में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
अपर पुलिस उपायुक्त श्रीमती शिवा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने चिह्नित होटलों पर एक साथ ‘कोऑर्डिनेटेड रेड’ (समन्वित छापेमारी) शुरू की. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस कई बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है. इसके लिए होटल रजिस्टर से आगंतुकों के नाम और पते के प्रविष्टियों का मिलान किया जा रहा है. पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड और अन्य जरूरी आईडी की उपलब्धता और उनकी प्रामाणिकता की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज द्वारा पिछले कुछ दिनों के बैकअप और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी भी की जा रही है.
जांच के घेरे में होटल संचालक
छापेमारी के बाद पुलिस ने संदिग्ध पाए गए होटल संचालकों को पूछताछ के लिए तलब किया है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या ये संचालक भी इस गिरोह का हिस्सा हैं या उनकी लापरवाही का फायदा उठाकर यह धंधा फल-फूल रहा था. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इस नेटवर्क से जुड़ी अन्य महिलाओं की तलाश में दबिश दे रही है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं
बता दें कि ये मामला रोहित वर्मा की गिरफ्तारी के बाद मामला शांत होता नजर आ रहा था, लेकिन तभी सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल होने लगे. इन वीडियो ने पूरी कहानी का रुख ही बदल दिया. एक वीडियो में रोहित एक युवक के साथ अमानवीय हरकत करता दिख रहा है. दूसरे में किसी की पिटाई करते नजर आता है. इसके अलावा वह पुलिस की टोपी पहनकर गाड़ी चलाते हुए रील बनाता हुआ भी दिखा. पुलिसकर्मियों के साथ जन्मदिन मनाते हुए भी दिखा. ऐसे में यह सवाल उठने लगे कि रोहित का नेटवर्क कितना बड़ा है.
रोहित के फोन में मिले 19 होटल के नाम
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को रोहित के फोन में शहर के करीब 19 होटलों की एक लिस्ट मिली. पुलिस ने इन होटलों पर छापेमारी शुरू कर और वहां के रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए है. यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि इन होटलों में किन-किन लोगों की एंट्री हुई, कौन-कौन ठहरा था. इसके लिए पुलिस इन होटलों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने के प्लान में है. ऐसे में कई सफेदपोशों के बीच हड़कंप है.
