बरेली में डीएलएड छात्रा की हत्या से सनसनी, खेत में मिला शव; पुलिस जांच पर उठे सवाल
बरेली में डीएलएड छात्रा नीतू गंगवार की हत्या से हड़कंप मच गया है. फरीदपुर में परीक्षा देकर लौट रही नीतू का शव खेत में मिला. पिता ने चार लोगों पर शक जताया है, जिसमें एक लखीमपुर का युवक शामिल है. पुलिस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है, लेकिन परिजनों ने पुलिस पर शुरुआती लापरवाही का आरोप लगाया है.
बरेली में डीएलएड की छात्रा का शव मिलने के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है. पहले अज्ञात मानी जा रही छात्रा की पहचान हो गई है. 23 वर्षीय छात्रा नीतू गंगवार शेरगढ़ थाना क्षेत्र के मानपुर गांव की रहने वाली थी. नीतू बहेड़ी कस्बा के दर्शन सिंह डिग्री कॉलेज से डीएलएड की पढ़ाई कर रही थी. वह अपने मौसा के घर रहकर फरीदपुर में परीक्षा देने जाती थी.
पूरी घटना सीबीगंज थाना क्षेत्र के बड़ा बाइपास के पास खना गोटिया गांव जाने वाले रास्ते का है. शुक्रवार को हाईवे किनारे खेत में छात्रा का शव पड़ा मिला था. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची. थोड़ी देर बाद फील्ड यूनिट, फॉरेंसिक टीम और एसएसपी अनुराग आर्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई.
15 मई को परीक्षा देने गई और वापस नहीं लौटी
मृतक छात्रा के मुंह से खून निकल रहा था और शरीर पर चोट के निशान थे. शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. अब जांच में सामने आया है कि मृतका डीएलएड की छात्रा थी. वह बरेली में अपने मौसा के यहां रह रही थी और फरीदपुर में परीक्षा देने जाती थी.
15 मई को वह परीक्षा देने गई थी, लेकिन वापस घर नहीं पहुंची. परिवार वालों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. परिजनों के मुताबिक छात्रा को रोज बाइक से बरेली के सैटेलाइट बस अड्डे तक मौसा छोड़ने जाते थे. वहां से वह सवारी वाहन से फरीदपुर परीक्षा केंद्र जाती थी. लेकिन इस बार वह फिर घर नहीं लौटी.
पिता को हत्या की आशंका, 4 लोगों पर आरोप
छात्रा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतका के पिता सोमपाल गंगवार का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए चार लोगों पर आरोप लगाया है. पीड़ित पिता का कहना है कि इनमें एक युवक लखीमपुर का रहने वाला है. आरोप है कि वही युवक एक दिन पहले भी छात्रा को घर छोड़कर गया था.
पिता सोमपाल गंगवार का कहना है कि छात्रा की हत्या की गई है और आरोपियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए. पिता सोमपाल गंगवार ने कहा कि उनकी बेटी पढ़ाई कर रही थी और उसका किसी से कोई विवाद नहीं था. ऐसे में उसकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है. वहीं, मृतका के मौसा और पिता ने पुलिस पर समय पर कार्रवाई नहीं करने पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
पुलिस तेजी दिखाती तो शायद जान बच जाती- पिता
मृतका के मौसा और पिता का आरोप है कि जब छात्रा गायब हुई थी, तब पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की. परिवार को एक थाने से दूसरे थाने भेजा जाता रहा. अगर शुरुआत में पुलिस तेजी दिखाती तो शायद छात्रा की जान बच सकती थी. आरोप है कि पुलिस ने गुमशुदगी को गंभीरता से नहीं लिया. अब मौत के बाद पुलिस जांच में जुटी हुई है.
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा आखिरी बार किसके साथ देखी गई थी और वारदात कैसे हुई. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
