5 महीने पहले हुई शादी, अब फंदे पर क्यों लटकी मिली दुल्हन? दहेज हत्या में केस

बरेली में पांच महीने पहले शादी हुई एक नवविवाहिता दुल्हन का शव फंदे पर लटका मिला. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर पति और ससुर को हिरासत में लिया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

मौके पर पहुंची बरेली पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक और दुल्हन दहेज की भेंट चढ़ गई है. यहां भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव तजुआ में शादी के महज पांच महीने बाद ही इस दुल्हन का शव संदिग्ध परिस्थिति में घर की टीनशेड में फंदे से लटका मिला है. सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेटी को परेशान करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने दुल्हन के पिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है.

फिलहाल पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव अहमदाबाद निवासी किसान राम सिंह ने अपनी बेटी संगीता की शादी 22 अप्रैल 2026 को भोजीपुरा क्षेत्र के गांव तजुआ निवासी धारा सिंह के साथ की थी. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद संगीता को ससुराल में काफी प्रताड़ित किया गया. कम दहेज के ताने दिए गए.

कई बार समझौते की कोशिश

पीड़ित पिता के मुताबिक संगीता ने कई बार मायके में अपने उत्पीड़न की जानकारी दी थी. इसके बाद राम सिंह ने ससुराल पहुंचकर बेटी के ससुराल वालों को समझाने का प्रयास भी किया था. बावजूद इसके मामला सुलझने के बजाय और बिगड़ता चला गया. फिर अचानक संगीता की मौत की सूचना मिली है. इससे मायके में कोहराम मच गया है. परिजनों के मुताबिक सूचना पर परिवार के लोग यहां पहुंचे तो संगीता का शव घर की टीनशेड में फंदे पर लटका मिला.

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस संबंध में पुलिस ने पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज करते हुए पति एवं ससुर को अरेस्ट किर लिया है. सीओ हाइवे देवेश सिंह ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल नवविवाहिता की मौत को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Follow Us