सरकारी नौकरी बताकर ले लिया 10 लाख का दहेज, शादी के बाद निकला संविदाकर्मी; थाने पहुंची दुल्हन
बरेली में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी नौकरी का झांसा देकर 10 लाख रुपये और कार दहेज में ली गई. शादी के बाद दुल्हन को पता चला कि दूल्हा सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि संविदाकर्मी है. विरोध करने पर उसे शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ा, और ससुराल वालों ने 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में झूठ बोलकर शादी करने और दहेज में 10 लाख रुपये और कार मांगने का मामला सामने आया है. आरोप है कि दूल्हे के परिवार वालों ने बताया कि लड़का सरकारी नौकरी में है. इसी नौकरी के नाम पर लड़के वालों ने दहेज में 10 लाख रुपये नगद और एक कार ले लिया. लेकिन शादी के बाद दुल्हन ससुराल पहुंची तो पता चला कि दूल्हा सरकारी विभाग में संविदा पर नौकरी करता है.
मामला बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र का है. यहां रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. महिला का आरोप है कि शादी से पहले पति की नौकरी को सरकारी बताकर रिश्ता तय कराया गया था. शादी के बाद उसे पता चला कि पति सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि संविदा पर काम कर रहा है. महिला के मुताबिक इस बात का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. बाद में ससुराल वालों ने 10 लाख रुपये और कार की मांग शुरू कर दी.
जांच में जुटी पुलिस
विवाहिता की तहरीर पर सुभाषनगर थाना पुलिस ने पति अमन माथुर, सास किरन, ननद रोशनी और प्रियंका समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक शिकायत की जांच कराई जा रही है. उधर, पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी इज्जतनगर क्षेत्र निवासी अमन माथुर के साथ हुई थी. शादी में उनकी मां और भाइयों ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे. शादी से पहले अमन की नौकरी को लेकर उन्हें बताया गया था कि वह निजी मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में नौकरी करता है. इसी जानकारी के आधार पर परिवार ने शादी के लिए सहमति दी थी.
खुलासा हुआ तो बढ़ा विवाद
महिला का कहना है कि शादी के बाद उसे जानकारी हुई कि पति की सरकारी कर्मचारी नहीं है, वह संविदा पर काम करता है. जब उसने पति और ससुराल वालों से इस बारे में बात की तो विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि इसके बाद उससे 10 लाख रुपये और कार की डिमांड की जाने लगी. मांग पूरी नहीं करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया. कई बार उसके साथ मारपीट की गई. आरोप है कि उसे घर में जमीन पर सोने के लिए मजबूर किया गया.
शराब के नशे में बेल्ट से पीटने के आरोप
विवाहिता ने पुलिस को बताया कि अक्टूबर 2025 में उसके पति ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की और बेल्ट से पीटा. घटना के बाद उसकी मां उसे अपने साथ मायके ले गईं. कुछ समय बाद दिसंबर 2025 में ससुर की मौत होने पर वह दोबारा ससुराल पहुंची. महिला का आरोप है कि इस दौरान भी उसके साथ व्यवहार ठीक नहीं रहा. उसने बताया कि ननद रोशनी की शादी के समय उसके जेवर और शादी में मिला सामान भी दे दिया गया.
