वृंदावन में काफिला रोकने पर भड़के BJP विधायक, DSP को दी वर्दी उतरवाने की धमकी; वीडियो वायरल
हरियाली तीज पर वृंदावन में BJP विधायक अनिल पराशर का काफिला रोकने पर बवाल हो गया. एंट्री पास न होने पर DSP अमित पाठक ने विधायक के वाहन को रोका, जिससे विधायक भड़क गए. उन्होंने DSP को वर्दी उतरवाने की धमकी दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मथुरा पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश में भगवान कृष्ण की रास स्थली वृंदावन में हरियाली तीज के मौके पर भारी भीड़ थी. इसी भीड़ में अलीगढ़ में कोल विधायक अनिल परासर अपने काफिले के साथ घुसने लगे. नाके पर पुलिस ने उन्हें रोका और एंट्री पास के बारे में पूछताछ की, लेकिन यही बात विधायक को इतनी नागवार लगी कि वह ड्यूटी पर तैनात डीएसपी से उलझ गए. यही नहीं, उन्होंने डीएसपी को वर्दी उतरवाने तक की धमकी दे दी. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.
यह वीडियो वृंदावन में सौ शैय्या तिराहे का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक हरियाली तीज के मौके पर भीड़ को देखते हुए पुलिस ने वाहनों को शहर के बाहर ही रोक दिया था. शहर के अंदर केवल उन्हीं वाहनों को एंट्री दी जा रही थी, जिन्हें पूर्व में पास जारी किए गए थे. इसके लिए पूरे शहर में जगह जगह नाके लगाए गए थे. सौ शैय्या तिराहे पर डीएसपी अमित पाठक अपनी टीम के साथ नाके पर तैनात थे.
क्यों भड़के बीजेपी विधायक?
इसी भीड़ में विधायक अनिल परासर का काफिला तेजी से आगे बढ़ते हुए सौ शैय्या तिराहे पर पहुंच गया. विधायक के लोगों ने पुलिस को नाका हटाने को कहा, लेकिन उस समय वहां तैनात डीएसपी अमित पाठक ने पूछ लिया कि एंट्री मैसेज है क्या. इसी बात पर विधायक अनिल पाराशर भड़क गए. उन्होंने पहले तो डीएसपी के साथ तीखी नोंकझोंक की, फिर वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगे. इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया. अब यही वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
कौन है विधायक अनिल पराशर?
विधायक अनिल परासर अलीगढ़ में कोल विधानसभा सीट से जीतकर विधान सभा पहुंचे हैं. वह लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं. सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में वह डीएसपी को वर्दी का सम्मान करने की सीख दे रहे हैं. कह रहे है कि इस वर्दी को उतरने में देरी नहीं लगेगी. उधर, मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने इस घटना से अनभिज्ञता प्रकट की. उन्होंने बताया कि अब मामला संज्ञान में आया है, इसकी जांच कराई जा रही है.
