अंडमान गया था हनीमून मनाने, तभी दुल्हन को आ गया पीरियड; गुस्से में हैवानियत पर उतर आया पति
गोरखपुर में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां शादी के बाद अंडमान हनीमून पर गई पत्नी को पीरियड आने से पति इस कदर भड़का कि उसने मारपीट की और गला घोंटने का प्रयास किया. पीड़िता ने 40 लाख के दहेज का भी आरोप लगाया है. पुलिस ने पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां रामगढ़ताल इलाके की रहने वाली 28 वर्षीय दुल्हन ने अपने पति के खिलाफ मारपीट और गला घोंटने की कोशिश का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दूल्हे के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पीड़िता के मुताबिक ढाई महीने पहले ही उसकी शादी हुई है.
पीड़िता के मुताबिक शादी के बाद उसका पति हनीमून मनाने के लिए अंडमान ले गया था. वहां दोनों एक होटल में ठहरे थे. संयोग से इसी दौरान उसे पीरियड आ गया. इसकी जानकारी होने पर उसका पति इस कदर नाराज हो गया कि उसने मारपीट शुरू कर दी. यहां तक कि उसने गला घोंटकर हत्या की भी कोशिश की. पीड़िता के मुताबिक गनीमत रही कि उसके चीखने की आवाज सुनकर होटल के कर्मचारी पहुंच गए और उसे बचा लिया.
एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
अंडमान से वापस लौटने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दी. सुनवाई नहीं हुई तो पीड़िता ने एसएसपी गोरखपुर से मिलकर न्याय की गुहार की. इसके बाद एसएसपी के निर्देश के बाद शनिवार की रात रामगढ़ताल थाना पुलिस ने दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
शादी में दिया था 40 लाख का दहेज
पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि 30 मई को उसकी शादी दिल्ली के पटपड़गंज स्थित मैरिज लॉन में हुई थी. इससे पहले गोरखपुर में 30 अप्रैल को गोदभराई का कार्यक्रम हुआ था. इस शादी में ससुराल वालों की डिमांड के मुताबिक उसके पिता ने 20 लाख रुपये नकद, एक हुंडई वेन्यू कार सहित कुल 40 लाख रुपये से अधिक का दहेज दिया था. शादी के बाद सबकुछ ठीक था, लेकिन 4 से 12 जुलाई को जब वह पति के साथ हनीमून मनाने अंडमान निकोबार गई तो उनके बीच पीरियड को लेकर विवाद हो गया.
