फर्जी IAS बन रचाई शादी, फिर दूल्हे को किया कंगाल; जान लेने की भी कोशिश कर चुकी है दुल्हन
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हाई-प्रोफाइल ठगी का मामला सामने आया है. यहां एक युवती ने खुद को IAS अधिकारी बताकर अभिषेक नामक युवक से शादी की. शादी के बाद उसने पति से नकदी-जेवर लूटे, पुश्तैनी जमीन बेचने का दबाव बनाया और मना करने पर गला घोंटकर जान लेने की कोशिश भी की. पुलिस ने पति की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में शादी के नाम पर हाई प्रोफाइल ठगी का मामला सामने आया है. यहां एक युवती ने IAS में चयनित होने का झांसा देकर शादी की. फिर ससुराल से नगदी-जेवर समेट कर ससुराल में आकर बैठ गई. यही नहीं अरोपी ने दूल्हे पर पुश्तैनी जमीन बेचने के लिए दबाव बनाया और मना करने पर गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश की. यह वारदात बरेली में फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव पचौमी की है. पुलिस ने पीड़ित पति की तहरीर पर आरोपी दुल्हन और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
पीड़ित पति अभिषेक ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया है कि पिछले साल उसकी शादी 7 फरवरी 2025 को हुई थी. शादी से पहले दुल्हन के पिता ने बताया था कि दुल्हन का चयन आईएएस में हो गया है. मुकदमे की वजह से जॉइनिंग होल्ड है. मुकदमे का फैसला आते ही पोस्टिंग हो जाएगी. इस बात पर भरोसा कर उसके माता-पिता ने शादी के लिए सहमति दी थी. शादी के बाद वह ससुराल आई और कुछ दिन बाद रुपये-जेवर समेट कर मायके चली गई. जहां से उसने पुश्तैनी जमीन बेचने का दबाव बनाया.
तिलक के पैसे लेकर फायरेंस कराया गाड़ी
अभिषेक ने बताया कि शादी के दौरान दुल्हन पक्ष ने तिलक में चार लाख रुपये दिए, लेकिन फिर ये रूपये वापस लेकर उन्हें लोन पर एक बोलेरो गाड़ी दिला दी. उन्होंने बताया कि आरोपी दुल्हन उनके घर से करीब 15 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी, चैन, अंगूठी और अन्य कीमती जेवर अपने साथ ले गई और अब पुश्तैनी जमीन बेचकर बदायूं में प्लॉट खरीदने के लिए दबाव बना रही है. वह लगातार दबाव बना रही है कि प्लाट खरीद कर उसके लिए अस्पताल और मेडिकल स्टोर खुलवाया जाए.
गला घोंटकर हत्या की भी कोशिश
अभिषेक ने अपनी शिकायत में बताया कि मार्च 2026 में वह घर में अकेले था. इसी दौरान उसकी पत्नी साधना आकर झगड़ा करने लगी और इस दौरान उसने गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया. उसके चीखने की आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोग वहां पहुंचे और उन्हें अलग किया. इससे उसकी जान बच गई. इस घटना के बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया. पुलिस की जांच में इस बात की पुष्टि हुई थी. आरोपी दुल्हन के खिलाफ पहले से बदायूं में आईटी एक्ट समेत अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं.