हफ्ते में 3 दिन बरेली से गाजियाबाद की उड़ान, एयरलाइंस ने घटाया किराया; शुरू हुई बुकिंग

बरेली से दिल्ली और नोएडा-गाजियाबाद (हिंडन) के लिए नई उड़ानें शुरू हो गई हैं. इंडिगो ने बुकिंग खोल दी है और किराया मात्र 3500-4500 रुपये रखा है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. यह सेवा सप्ताह में 3-4 दिन उपलब्ध होगी. जहां एक ओर मुंबई और बेंगलुरु का किराया महंगा हुआ है, वहीं इन नई उड़ानों से एनसीआर के लिए किफायती हवाई सफर संभव हो पाया है.

इंडिगो की फ्लाइट (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश के बरेली से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. जहां एक तरफ बरेली से नवी मुंबई और बंगलूरू का हवाई किराया लगातार बढ़कर 17 से 18 हजार रुपये तक पहुंच गया है. वहीं दिल्ली और नोएडा-गाजियाबाद के लिए शुरू होने जा रही नई उड़ानों का किराया महज 4-5 हजार रुपये रखा गया है. एयरलाइंस कंपनी इंडिगो ने इन दोनों नई उड़ानों के लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी है.

एयरलाइंस कंपनी के मुताबिक बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए एक जुलाई और नोएडा-गाजियाबाद (हिंडन एयरपोर्ट) के लिए दो जुलाई से नियमित उड़ान सेवा शुरू होगी. नई उड़ानों के शुरू होने से बरेली और आसपास के जिलों के लोगों को राजधानी और एनसीआर तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी. खास बात यह है कि अभी शुरुआती बुकिंग में यात्रियों को कम किराए का लाभ मिल रहा है.

फ्यूल चार्ज से बढ़ा किराया

बरेली से नवी मुंबई और बंगलूरू के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को इन दिनों ज्यादा किराया देना पड़ रहा है. सामान्य दिनों में इन रूटों पर टिकट का किराया 10 से 13 हजार रुपये के बीच रहता था, लेकिन मार्च में अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लागू होने के बाद किराए में बढ़ोतरी दर्ज की गई. एयरलाइंस सूत्रों के मुताबिक हवाई किराया पूरी तरह मांग और सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करता है. इसी वजह से कई दिनों में नवी मुंबई और बंगलूरू का किराया 17 हजार रुपये से भी ऊपर पहुंच गया है.

एनसीआर रूट पर बड़ी राहत

महंगे किराए के बीच दिल्ली और नोएडा की नई उड़ानों ने यात्रियों को राहत देने का काम किया है. फिलहाल इन रूटों पर टिकट 3500 से 4500 रुपये के बीच उपलब्ध है. एयरलाइंस के प्रतिनिधियों का कहना है कि उड़ानों के संचालन में अभी समय है और सीटें पर्याप्त संख्या में खाली हैं, इसलिए किराया कम दिखाई दे रहा है. जैसे-जैसे यात्रा की तारीख नजदीक आएगी और बुकिंग बढ़ेगी, किराए में बदलाव हो सकता है.

उड़ान का शेड्यूल

बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल के मुताबिक बरेली से दिल्ली के बीच उड़ान सप्ताह में तीन दिन होगी. यह सेवा मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी. दिल्ली से विमान दोपहर 1:35 बजे रवाना होकर करीब 2:35 बजे बरेली पहुंचेगा. इसके बाद बरेली से दोपहर 3 बजे उड़ान भरकर शाम 4:05 बजे दिल्ली पहुंचेगा. बरेली और नोएडा के बीच उड़ान सप्ताह में चार दिन चलेगी. यह सेवा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी. नोएडा से विमान सुबह 10:30 बजे रवाना होकर 11:20 बजे बरेली पहुंचेगा. इसके बाद बरेली से दोपहर 12:05 बजे उड़ान भरकर करीब 1 बजे नोएडा पहुंचेगा.

Follow Us