बीवी के कमरे में बॉयफ्रेंड को देख भड़का पति, विरोध पर डाल दिया खौलता तेल; फिर दोनों पहुंच गए थाने
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. पति ने घर में अपनी पत्नी को उसके बॉयफ्रेंड के साथ देखा, जिसके विरोध करने पर पत्नी और बॉयफ्रेंड ने कथित तौर पर उस पर खौलता तेल डाल दिया. पति बुरी तरह झुलस गया. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और झूठे आरोप लगाने की तहरीर थाने में दी है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसके कमरे में था. इतने में महिला का पति आ गया. दोनों को साथ में देखते ही वह भड़क गया. इस बात को लेकर दोनों में मारपीट हुई. इतने में महिला ने अपने पति के ऊपर किचन से खौलता तेल लाकर डाल दिया. इस वारदात के बाद दोनों पक्षों ने थाने में जाकर तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया है. मामला बरेली के शाही और सीबीगंज थाना क्षेत्र से जुड़ा है.
पीड़ित पति ने पुलिस को दिए शिकायत में अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बताया कि वह दिन भर काम कर घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी को कमरे में उसके प्रेमी को देखा. जब उसने विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की. इसी दौरान उसकी पत्नी ने उसके ऊपर खौलता हुआ तेल डाल दिया. उसने बचकर भागने की कोशिश की, लेकिन फिर भी तेल उसके पैर पर गिरा और बुरी तरह झुलस गया.
महिला ने लगाए ये आरोप
पुलिस के मुताबिक पहले युवक की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दी. आरोप लगाया कि उसका पति बेवजह शक करता और इसी शक की वजह से उसके साथ मारपीट करता है. पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है. पीड़ित युवक ने बताया कि वह शाही थाना क्षेत्र के बकैनिया गांव का रहने वाला है. वह सीबीगंज क्षेत्र के नदौसी गांव में किराये का कमरा लेकर रहता है और एक गत्ता फैक्टरी में काम करता है. उसकी शादी बिथरी क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी.
प्रेमी संग रील बनाने का आरोप
पीड़ित पति ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी एक युवक के संपर्क में थी. दोनों अक्सर मिलते थे और फोन पर बात करते थे और रील बनाकर एक दूसरे को भेजते थे. पीड़ित के मुताबिक कुछ समय से उसकी पत्नी का प्रेमी उसके घर में भी आने लगा था. अभी हाल ही में वह काम खत्म करके कमरे पर लौटा तो उसने पत्नी को प्रेमी के साथ कमरे में देखा. इसी बात पर दोनों में झगड़ा हुआ था.
पुलिस पर कार्रवाई ना करने का आरोप
पीड़ित पति ने बताया कि घटना के बाद वह अपनी मां के साथ पुलिस के पास पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की. बल्कि उसे दूसरे थाने भेज दिया. वह दूसरे थाने में भी गया, लेकिन वहां से भी उसे लौटा दिया गया. यहां तक कि उसका मेडिकल परीक्षण तक नहीं कराया गया. परेशान होकर उसने एसएसपी से गुहार लगाई. हालांकि बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मामला एकतरफा नहीं है. दोनों पक्षों ने शिकायत दी है और इस शिकायत पर जांच कराई जा रही है.
