धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में लगी ऐसी आग… चपेट में आ गए 3 मकान और 4 दुकान, मचा हड़कंप
गाजियाबाद के खोड़ा में ट्रांसफार्मर धमाके के साथ लगी भीषण आग ने 3 मकानों, 4 दुकानों और 3 गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें 2 किमी दूर तक दिखीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. पुराने तेल के ड्रमों के कारण आग और भड़की. संकरे रास्ते के बावजूद, दमकल विभाग ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सोमवार की रात बड़ा हादसा हो गया. यहां एक ट्रांसफार्मर में धमाके के साथ भीषण आग लग गई. देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से निकलती आग की लपटों ने पास के तीन मकान और चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. इस दौरान पास में खड़ी तीन गाड़ियों में भी आग लग गई. घटना गाजियाबाद के खोड़ा में देर रात का है. आग से निकलने वाली लपटें और धुंआ 2 किलोमीटर दूर तक देखा जा रहा था.
स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रांसफार्मर में अचानक तेज धमाका हुआ और फिर आग लग गई. यह आग ट्रांसफार्मर से जुड़े केबल से होते हुए पास की दुकानों और मकान तक पहुंच गई. मकानों में आग लगते देख लोगों में दहशत फैल गई. जैसे तैसे लोग घरों में से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल हुए. तुरंत मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई. लेकिन दमकल टीम के पहुंचने तक तीन मकान, 4 दुकान और तीन गाड़ियां जलकर खाक हो चुकी थीं.
डरावना था दृष्य
ट्रांसफार्मर में आग की घटना बेहद भयावह थी. ट्रांसफार्मर से निकलती आग की लपटें रूक-रूक कर गोली की तरह निकलती थी. आग की इस विकरालता को देखकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम भी असहज हो गई. आनन फानन में आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल बुलाई गईं. इसके बाद करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. हालांकि अभी भी मकान और दुकान में से धुआं उठता नजर आ रहा है.
ऐसे भड़की आग
चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल के मुताबिक ट्रांसफार्मर के पास ही जले हुए पुराने तेल के ड्रम भरकर रखे हुए थे. ऐसे में जैसे ही ट्रांसफार्मर में आग लगी, इन ड्रमों में धमाके हुए और आग तेजी से चारों तरफ फैल गई. उन्होंने बताया कि इस अग्निकांड में तीन घर जल गए हैं. इसके अलावा आसपास की चार दुकानों में भी आग लगी है. इसी प्रकार आग में चार वाहन भी जलकर खाक हुए हैं. उन्होंने बताया कि घटना स्थल तक जाने का रास्ता संकरा होने की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ी को पहुंचने में काफी दिक्कत हुई.
