बरेली: इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी का ‘कार्निवाल’ हादसे में बदला, हवा में गुब्बारे बने आग का गोला; मची भगदड़

बरेली की इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में वार्षिक कार्निवाल 'इन्वर्सिया' खुशियों से भरा था, लेकिन एक हीलियम गुब्बारा फटने से मंच पर आग लग गई. इस धमाके के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और छात्रों में भगदड़ मच गई. मेयर के बेटे प्रो-चांसलर पार्थ गौतम भी बाल-बाल बचे.

इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी बरेली कार्निवाल हादसा

बरेली की जानी-मानी इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में बुधवार का दिन खुशियों और रंगारंग कार्यक्रमों से भरा हुआ था. यूनिवर्सिटी का वार्षिक कार्निवाल इन्वार्सिया पूरे जोश के साथ मनाया जा रहा था. स्टेज सजा हुआ था, छात्र-छात्राएं मस्ती के मूड में थे और हर तरफ उत्सव का माहौल था. लेकिन यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाई. अचानक एक जोरदार धमाके ने पूरे माहौल को दहशत में बदल दिया.

यह हादसा बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के मुख्य मंच पर हुआ. बताया जा रहा है कि स्टेज की सजावट के लिए लगाए गए हीलियम गुब्बारों में से एक अचानक फट गया. गुब्बारा फटते ही वहां आग की तेज लपटें उठने लगीं. धमाका इतना तेज था कि मंच के आसपास मौजूद लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

स्टेज पर मौजूद थे मेयर उमेश गौतम के बेटे

जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त मंच पर एक दर्जन से ज्यादा लोग मौजूद थे. इन्हीं में यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर पार्थ गौतम भी थे, जो बरेली के मेयर उमेश गौतम के बेटे हैं. आग की लपटें पार्थ गौतम के काफी नजदीक तक पहुंच गई थी. कुछ पल के लिए स्थिति बेहद डरावनी हो गई थी, लेकिन गनीमत रही कि पार्थ गौतम ने समय रहते खुद को पीछे कर लिया और किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ.

स्टेज के सामने और नीचे सैकड़ों की संख्या में छात्र मौजूद थे. जैसे ही धमाका हुआ, छात्रों में अफरा-तफरी मच गई. कई छात्र डर के मारे चिल्लाने लगे, तो कुछ लोग भागकर सुरक्षित जगह की ओर चले गए. कुछ पल के लिए पूरे कार्निवाल में भगदड़ जैसे हालात बन गए थे.

वीडियो हुआ वायरल, सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद छात्रों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे मंच पर रखा एक गुब्बारा अचानक फटता है और आग भड़क उठती है. लोग घबराकर पीछे हटते नजर आ रहे हैं. वीडियो देखने के बाद कई लोग यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.

हालांकि यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ. प्रो-चांसलर पार्थ गौतम ने बताया कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षा इंतजामों की वजह से बड़ा हादसा टल गया. फायर सेफ्टी और स्टाफ की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया.

इस घटना के बाद कार्निवाल के कार्यक्रमों को कुछ देर के लिए रोक दिया गया था. बाद में स्थिति सामान्य होने पर कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया. फिर भी इस हादसे ने छात्रों और अभिभावकों को झकझोर कर रख दिया है. लोग अब ऐसे आयोजनों में सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्कता की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.