‘गिल्ली डंडा न खेलने वाले बन गए खेल मंत्री’, सपा MLA ने कसा तंज तो सुरेश खन्ना बोले- यहां कुश्ती करवा देंगे
सपा विधायक कमाल अख्तर ने कहा, 'अभी जो मंत्री जी हैं, उन्होंने कभी गिल्ली डंडा तो खेला नहीं है.' इस पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना खड़े हो गए और कहा, 'मंत्रीजी रेसलिंग करते हैं… किसी दिन यहां कुश्ती करवा देंगे.' इस बार बीजेपी के विधायक हंस पड़े. स्पीकर ने कहा कि लेकिन कुश्ती विधानसभा में नहीं होगी.
उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के दौरान खेल मंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक के बीच खूब जुबानी जंग देखने को मिली. दरअसल, एक मसले पर चर्चा के दौरान सपा विधायक कमाल अख्तर ने कहा, ‘जैसे एक अच्छा डॉक्टर अच्छा स्वास्थ्य मंत्री हो सकता है, ठीक उसी तरह से एक खिलाड़ी अच्छा स्पोर्टस मिनिस्टर हो सकता है… अभी जो मंत्री जी हैं, उन्होंने कभी गिल्ली डंडा तो खेला नहीं है.’ इस पर सपा के सारे विधायक हंसने लगे.
सपा विधायक कमाल अख्तर के बयान देते ही मंत्री गिरीश यादव खड़े हुए और कहा कि मैं हर खेलों में आगे रहा हूं. खेल मंत्री बोल ही रहे थे, तभी वित्त मंत्री सुरेश खन्ना खड़े हो गए और कहा, ‘मंत्रीजी रेसलिंग करते हैं… किसी दिन यहां कुश्ती करवा देंगे.’ इस बार बीजेपी के विधायक हंस पड़े. तभी स्पीकर सतीश महाना ने कहा, ‘लेकिन कुश्ती विधानसभा में नहीं होगी… बाहर ही होगी.’ इस पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा, ‘बाहर ही सही, लेकिन कुश्ती करा देंगे.’
रागिनी सोनकर बोलीं- सरकार असुर हो चुकी है
उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने सरकार पर तीखे हमले किए. सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने सदन में योगी आदित्यनाथ सरकार को ‘असुर’ करार देते हुए कहा कि यह महिलाओं, युवाओं, बेरोजगारों और किसानों को अपनी ‘खुराक’ बना चुकी है. उन्होंने प्रयागराज में मकर संक्रांति की शाम घटी घटना का जिक्र किया, जहां खटीक समाज के चार युवकों की हत्या कर दी गई.
सपा विधायक रागिनी सोनकर ने कहा, ‘उनके शव नग्न अवस्था में मिले थे… पुलिस का दावा कि वे गंदे तालाब में नग्न होकर नहा रहे थे.’ रागिनी ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी घटनाएं कैसे हो रही हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कस्टोडियल डेथ में देश में टॉप पर है, अदालतें सरकार को फटकार लगा रही हैं, लेकिन ये सब रुकने का नाम नहीं ले रह. सपा विधायक ने मांग की कि महिलाओं और युवाओं पर बढ़ते अत्याचारों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.
अतुल प्रधान ने भी सरकार को घेरा
इसके बाद सपा विधायक अतुल प्रधान ने भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि पुलिस सरकार का ‘पसंदीदा सब्जेक्ट’ बन गई है, जो कहीं लूट करवा रही है, तो कहीं मोबाइल चोरी कर रही. मेरठ में दो इंस्पेक्टरों द्वारा धागा व्यापारी से 20 लाख रुपये की लूट का उदाहरण देते हुए उन्होंने पुलिस की मिलीभगत पर सवाल उठाया. सरधना में मां-बेटी पर हमले का जिक्र किया, जहां मां की गड़ासा मारकर हत्या कर दी गई.
सपा विधायक अतुल प्रधान ने प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुई घटना का हवाला दिया. अयोध्या में मोईन खान मामले पर सीएम योगी के बयान का जिक्र करते हुए सपा विधायक अतुल प्रधान कहा कि सपा से जुड़ाव बताकर उसके घर और बेकरी को तोड़ दिया गया. उन्होंने मांग की कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हो, लेकिन जाति-धर्म देखकर नहीं. अगर सरकार मोईन खान के घर और बेकरी को वापस नहीं करती, तो यह भेदभावपूर्ण न्याय साबित होगा.
