युद्ध लड़ चुके ये पूर्व सैनिक, आज अपने ही शहर में हो गए दबंगई का शिकार, जानें पूरा मामला

बरेली के 83 वर्षीय रिटायर्ड सूबेदार भूदेव शर्मा भू-माफिया के खिलाफ इंसाफ मांग रहे हैं. आरोप है कि होटल कार्लटन के मालिक सुमित भारद्वाज ने गैंग बनाकर उनकी करोड़ों की जमीन हड़पने की कोशिश की, जिसमें फर्जी केस और जानलेवा हमला भी शामिल है. तीन युद्ध लड़ चुके इस पूर्व सैनिक ने एसपी सिटी से गुहार लगाई है. ये घटना भू-माफिया की दबंगई और राजनीतिक रसूख का भयावह उदाहरण है.

बरेली भू-माफिया केस

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में 83 साल के रिटायर्ड सूबेदार भूदेव शर्मा इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं. देश की सीमाओं पर तीन जंग लड़ चुके ये पूर्व सैनिक अब अपने ही शहर में लैंड माफिया की दबंगई और राजनीतिक रसूख का शिकार हो रहे हैं. आरोप है कि होटल कार्लटन के मालिक सुमित भारद्वाज ने उनकी करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने के लिए पूरा गैंग बना लिया. पीड़ित सूबेदार शर्मा का दावा है कि इस गैंग ने झूठे केस से लेकर जानलेवा हमले तक सब कुछ करवाया. इंसाफ की गुहार लगाते हुए पीड़ित ने अब सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (सिटी) मानुष पारीख से लिखित शिकायत की है.

बरेली के सुभाषनगर थाना इलाके के करगैना के रहने वाले रिटायर्ड सूबेदार भूदेव शर्मा की कहानी चौंकाने वाली है. उनका आरोप है कि उनकी जमीन हड़पने की साजिश सोची-समझी साजिश के तहत की गई.

उनकी जान लेने की दो कोशिशें

साजिश के तहत उन पर दबाव बनाने के लिए पहले तीन झूठी FIR दर्ज कराई गईं. इसके बाद, उन पर दो जानलेवा हमले हुए. पहले हमले में उन्हें गोली लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहे. जब वो इस हमले से ठीक होकर घर लौटे, तो दूसरी बार उन्हें कार से कुचलने की कोशिश की गई.

सूबेदार शर्मा का सीधा आरोप है कि ये सब सुमित भारद्वाज के कहने पर किया गया था. भारद्वाज ने एक बड़े गैंग के साथ मिलकर उनकी करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने का प्लान बनाया और उस पर कब्ज़ा करने की कोशिश की. ये घटना 14 दिसंबर, 2024 को हुई थी. सूबेदार शर्मा का आरोप है कि नायब तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल और होमगार्ड होने का दावा करने वाले 40-50 लोग हथियारों और JCB मशीनों के साथ उनकी जमीन पर कब्ज़ा करने की तैयारी में पहुंचे. सूबेदार शर्मा ने तुरंत 112 पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कब्ज़ा होने से रोका.

SP सिटी ने ये भरोसा दिया

हालांकि, इतना सब होने के बाद भी किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. सूबेदार का आरोप है कि गैंग ने साज़िश करके उनकी ज़मीन के लिए दो फ़र्ज़ी डीड बनवाए. ये फ़र्ज़ी डीड, जिनका साइज़ 331.342 स्क्वेयर मीटर और 247.954 स्क्वेयर मीटर है, ऋषि गुप्ता और उनकी पत्नी रूवी गुप्ता के नाम पर बनवाए गए. SP सिटी ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.